उत्तर प्रदेशः छेड़खानी की शिकायत करने गई युवती के साथ पुलिस ने की बदसलूकी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस घटना पर ट्वीट कर कहा है कि प्रदेश में महिलाओं के ख़िलाफ़ होने वाले अपराध कम नहीं हो रहे.
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिला सुरक्षा को लेकर कितनी सजग है इसका पता इस बात से लगाया जा सकता है कि एक लड़की थाने में छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाने गई और पुलिसकर्मी कार्रवाई करने के बजाय लड़की के पहनावे पर टिप्पणी करने लगे.
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट में विडियो शेयर कर उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, “एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध कम नहीं हो रहे, वहीं दूसरी तरफ कानून के रखवाले द्वारा छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ थाने में इस तरह का व्यवहार हो रहा है. महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है उनकी बात सुनना.”
छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ थाने में इस तरह का व्यवहार हो रहा है।
एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे, दूसरी तरफ कानून के रखवालों का ये बर्ताव।
महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है उनकी बात सुनना।
Video credits @benarasiyaa pic.twitter.com/J0FdqBR2Tt
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 25, 2019
न्यूज़18 की ख़बर के अनुसार यह घटना कानपुर की है. विडियो में छेड़छाड़ से परेशान लड़की पुलिसकर्मी से शिकायत करती दिखाई दे रही है. लड़की के अनुसार मोहल्ले के लड़कों ने उसके साथ छेड़छाड़ की. जब लड़की के भाई ने इसका विरोध किया तो लड़कों ने उसकी पिटाई कर दी. लड़की की शिकायत पर पुलिसकर्मी कहता है कि हाथ में पांच-पांच अंगूठी, कड़ा और गले में लॉकेट पहन रखा है. इससे पता चलता है कि तुम क्या हो?
विडियो में नजर आ रहे पुलिसकर्मी की पहचान थाने में तैनात दीवान के तौर पर हुई है जिसका नाम तारबाबू है. इस पूरी घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसके बाद तारबाबू को लाइन हाजिर कर दिया गया है.