उत्तर प्रदेश पुलिस की गुंडागर्दी: विकलांग को पीट-पीट कर जान से मार डाला
पुलिस के इस कुकृत्य के ख़िलाफ़ आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर स्थानीय लोगों ने घेराबंदी की.
उत्तर प्रदेश में पुलिस की गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है. हाथरस जिले में कुछ पुलिसकर्मियों ने एक दुकानदार को पीट-पीट कर जान से मार डाला. उक्त दुकानदार विकलांग थे. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर घेराबंदी की है.
हाथरस जिले के 45 वर्षीय विमल को उत्तरप्रदेश के पुलिसकर्मियों ने पैसे को लेकर हुए एक विवाद के कारण बुरी तरह मारा. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों का कहना है कि मारपीट में लगी चोटों की वजह से ही उनकी मृत्यु हुई है.
क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने विमल के परिवार के लिए मुआवज़े और आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ़्तारी की मांग करते हुए हाईवे की घेराबंदी की.
ज़िला मजिस्ट्रेट (डीएम) रमाशंकर मौर्य और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश ने मौके पर पहुंचकर एसआई आशीष यादव के त्वरित निलंबन के आदेश जारी किए हैं.
पुलिस ने बताया कि दो अन्य पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी भी दर्ज़ की गई है और जांच के आदेश दिए गए हैं. इसके अलावा ज़िला मजिस्ट्रेट द्वारा मृतक के परिवार को 1 लाख रुपए का मुआवज़ा देने की घोषणा भी की गई है.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित