जुम्मे की नमाज़ पर पड़ी “योगी” की काली छाया, नोएडा पुलिस ने कंपनियों को जारी किया फ़रमान – मुसलमानों को खुले में नमाज़ से रोको
पुलिस का कहना है कि 2019 के लोकसभा चुनावों में संप्रादायिक माहौल खराब न हो इसलिए ऐसा आदेश दिया गया है.
उत्तर प्रदेश पुलिस ने कंपनियों और संस्थानों को आदेश जारी किया है कि वे अपने कर्मचारियों को शुक्रवार को खुले इलाकों और पार्कों में नमाज़ अदा करने से रोकें.
नोएडा पुलिस द्वारा जारी इस नोटिस में कहा गया कि नोएडा सेक्टर-58 में स्थित इंडस्ट्रियल हब में मौजूद कंपनियां अपने कर्मचारियों को पार्कों में नमाज़ पढ़ने से रोकें, यदि कोई कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करते पाया जाएगा तो इसके लिए कंपनी को ज़िम्मेदारी होगी.
इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के अनुसार पुलिस द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि प्रशासन सेक्टर-58 स्थित अथॉरिटी पार्क में शुक्रवार को नमाज़ समेत किसी भी धार्मिक गतिविधि को करने की इजाजत नहीं देता है. आपकी कंपनी के कर्मचारी पार्क में नमाज़ पढ़ते हैं. लेकिन, इलाके के थाना प्रभारी ने लोगों को पार्क में नमाज़ न पढ़ने के निर्देश दिए हैं. कंपनियों से उम्मीद की जाती है कि वे अपने कर्मचारियों को पार्क में नमाज़ पढ़ने से मना करेंगे. यदि कोई कर्मचारी पार्क में नमाज़ पढ़ता पाया जाता है, तो इसके लिए कंपनी को ज़िम्मेदार ठहराया जाएगा.
इस पूरे मामले में नोएडा पुलिस का कहना है कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों के दौरान सांप्रदायिक माहौल न बिगड़े और अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है. सेक्टर-58 के थाना प्रभारी पंकज राय का कहना है कि हमने अपने इलाके की कुछ कंपनियों को नोटिस भेजा है. क्योंकि दोपहर के समय खासतौर पर पार्कों में नमाज़ पढ़ने की शिकायतें मिल रही थी और नमाज़ पढ़ने वाले लोगों आसपास की कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी हैं. इसलिए हमने कंपनियों को अपने कर्मचारियों को पार्कों में नमाज़ पढ़ने से रोकने के आदेश दिए हैं.