उत्तर प्रदेश: मुजफ़्फ़रनगर में दो गुटों की झड़प, 10 घायल
पुलिस ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
उत्तर प्रदेश के मुजफ़्फ़रनगर में शनिवार की सुबह तेज़ आवाज में डीजे बाजने के कारण दो गांवों के बीच जमकर पथराव हुआ. देखते ही देखते पथराव इतना बढ़ गया कि इसमें करीब 10 लोग घायल हो गए और दोनों ही गांवों में अफरातफरी मच गई. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ पर लाठ़ीचार्ज कर खदेड़ा और दोनों ही गांवों के ग्रामीणों को समझा-बुझाया तब जाकर मामला शांत हुआ.
दरअसल, जानसठ थाना क्षेत्र के ये दोनों अखलाकपुरा व सादपुर गांव खतौली रोड पर आमने-सामने बसे हुए हैं. सादपुर में गांव निवासी शब्बीर की डीजे की दुकान है. वहीं दूसरी ओर दुकान के सामने सड़क के दूसरी ओर गांव अखलाकपुरा निवासी मकसूद का मकान है. शनिवार की सुबह जब शब्बीर ने तेज़ आवाज में डीजे बजाए तब मकसूद ने इसका विरोध किया. इसको लेकर दोनों में कहासुनी हुई जो बाद मारपीट में मारपीट में बदल गई.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक इस झगड़े की खबर जब दोनों गांवों में इन दोनों के परिजनों के पास पहुंची तब दोनों गांव भी इस व्यक्तिगत झगड़े में शामिल हो गए और जमकर एक दूसरे पर लाठी-ड़ंडों और पत्थरों से हमला करने लगे. दो गांवों के बीच इस संघर्ष के कारण अफरातफरी मच गई जिसमें 10 लोग घायल भी हो गए.
वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से आए बयान में कहा गया है कि दोनों गांवों में किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया था. इसे लेकर दोनों पक्षों की ओर से शिकायत भी दर्ज कराई गई है. जांच पड़ताल करके मुकदमा दर्ज किया जाएगा.