उत्तर प्रदेश: शामली में पुलिस के सामने भीड़ ने युवक को कथित तौर पर मौत के घाट उतार दिया
स्थानीय लोगों ने राजेंद्र कश्यप नामक व्यक्ति को पुलिस की वैन से खींच कर पुलिस अधिकारी के सामने ही मार डाला.
भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार दिए जाने की घटनाएं पिछले कुछ वर्षों में बहुत ही तेज़ी से बढ़ी है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक विडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है जिसमें भीड़ ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर पुलिस के सामने मौत के घाट उतार दिया गया. यह घटना उत्तरप्रदेश के शामली की है.
एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने राजेंद्र कश्यप नामक व्यक्ति को सोमवार रात शराब पीकर विवाद करने के लिए मंगलवार को गिरफ़्तार किया था. जब 100 नवंबर पुलिस वैन व्यक्ति को लेने के लिए आई तो स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस की वैन से खींच कर पुलिस अधिकारी के सामने ही मार डाला.
वहीं वायरल विडियो को लेकर शामली के एसपी अजय कुमार ने अपने बयान में कहा कि वायरल विडियो में युवक को मारते हुए दिखाया गया है. मामले में विडियो का संज्ञान लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है. घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी को लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया गया है और उनके ख़िलाफ़ विभाग स्तर पर कार्रवाई की जाएगी.
एसपी कुमार ने पुलिस के सामने मृतक को मार दिए जाने की बात को ग़लत बताया. उन्होंने बताया कि मृतक का मुकदमा दर्ज होने के बाद वह गांव में भाग गया था जिसके बाद उसकी मृत्यु की घटना हुई है.