उत्तर प्रदेश: योगी जी की पुलिस का कारनामा, उद्योगपति के घर से लूटे 1.85 करोड़ रुपए
छापेमारी करने गए पुलिसकर्मियों ने बरामद रकम में से कुछ हिस्सा लूट लिया है.
उत्तर प्रदेश पुलिस का नया कारनामा सामने आया है. लखनऊ के गोसाईंगंज थाना के दो दारोगा समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने बिजनेसमैन के घर में घुसकर करोड़ों की लूट को अंजाम दिया है.
आजतक की ख़बर के अनुसार लखनऊ के गोसाईंगंज थाने के दो दारोगा समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों ने बिजनेसमैन के घर में घुसकर छापेमारी के दौरान 1.85 करोड़ रुपए की लूट को अंजाम दिया. लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.
वारदात की जानकारी मिलते ही सीनियर अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों दारोगा को सस्पेंड कर दिया है और साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों पर डकैती का मामला दर्ज किया है.
पुलिस के मुताबिक गोसाईंगंज थाने का दारोगा आशीष तिवारी और पुलिस लाइंस में तैनात पवन मिश्रा अपने अन्य सहयोगियों के साथ कालेधन की जांच के लिए शनिवार सुबह सरसवां के ओमेक्स सिटी में अंकित नामक व्यापारी के फ्लैट में गए थे. पुलिस को छापेमारी के दौरान रुपयों से भरे दो बक्से और एक अवैध पिस्टल मिली.
आजतक की ख़बर के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने रुपयों को बैग में भरकर अपने एक साथी को बाहर ले जाने के लिए दे दिया. इसके बाद पुलिस ने आयकर विभाग को छापेमारी की सूचना दी. आयकर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर बरामद रकम जब्त कर लिया.
बिजनेसमैन अंकित ने बताया कि उन्होंने अपने फ्लैट में 3.38 करोड़ रुपए रखे थे. अंकित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस रकम में से काफी रुपए लूट लिए हैं. अंकित के मुताबिक उनके फ्लैट से बरामद हुए रुपयों में से 1.85 करोड़ रुपए गायब हैं. अंकित ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है.
वहीं क्राइम ब्रांच ने अपनी जांच में दोनों दारोगा के आवास से 36 लाख रुपए बरामद किए हैं. फिलहाल इस मामले में अभी जांच चल रही है.