May a good source be with you.

उत्तर प्रदेशः मकान मालिक ने की दलित किराएदार की हत्या, गुस्साए लोगों ने जमकर किया प्रदर्शन

अधिकारी हरिराम यादव ने कहा कि किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.

मुजफ़्फ़रनगर ज़िले के लाखयान गांव में एक मकान मालिक ने 26 वर्षीय दलित किरायेदार की कथित रूप से हत्या कर दी. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी.

क्षेत्र अधिकारी हरिराम यादव ने बताया कि पोपिन का शव एक खेत से मिला था. उनके गले पर चाकू से वार के कई निशान थे. घटना लाखयान गांव में हुई. यह गांव तितावी पुलिस थाना अंतर्गत आता है.

पीड़ित के परिवार द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार पोपिन शुक्रवार को अपने मकान मालिक टीटू के साथ घर से निकले थे और देर रात तक घर नहीं लौटे. क्षेत्र अधिकारी ने बताया कि टीटू और रवींद्र नामक व्यक्ति के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराया गया है. उन्होंने बताया कि दोनों फरार हैं.

बहरहाल गुस्साये ग्रामीणों ने पोपिन की मौत के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया और आरोपी व्यक्तियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. यादव ने कहा कि किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+