गरीबी नहीं गरीबों को हटाओ: पीएम रैली से पहले उजाड़ दिया गरीबों का आशियाना
प्रशासन ने रैली से ठीक एक दिन पहले अस्थायी रूप से बनी झोपड़ियों को उजाड़ दिया था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक तरफ गरीबों का उद्धार करने की बात करते हैं वहीं दूसरी तरफ उनकी रैली से ठीक पहले गरीब लोगों की झोपड़ियों को उजाड़ने और गंदगी को पर्दे से ढंकने का काम किया जाता है. बीते दिनों आगरा में मोदी-योगी की रैली के आयोजन से पहले प्रशासन ने गरीबों के झोंपड़ियों को उजाड़ दिया.
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीते बुधवार को रैली के लिए आगरा पहुंचे थे. वहीं रैली से पहले शहर से गरीबी और गंदगी का नामो निशान मिटा दिया गया. प्रधानमंत्री की रैली से पहले गरीबों की झोंपड़ियों को पर्दे से छिपा दिया गया और लोगों को रैली में शामिल होने या झोपड़ियों में छुपकर रहने के आदेश दिए गए थे.
अमर उजाला के मुताबिक, पीएम मोदी की जनसभा से एक दिन पहले प्रशासन ने कोठी मीना बाजार के आसपास रहने वाले गरीबों को झोपड़ियों को उजाड़ दिया. इस कार्रवाई को पुलिस और नगर निगम के संयुक्त अभियान के तहत अंजाम दिया गया. जब प्रशासन का मन झोपड़ियां उजाड़ने से भी नहीं भरा तब उन्होंने मैदान से कुछ दूरी पर स्थित झोपड़ियों को पर्दे से ढक कर उनके आगे पुलिस बल को तैनात कर दिया.
पीड़ितों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि प्रशासन ने उन्हें झोपड़ियां खाली करने का समय तक नहीं दिया. अगर उन्हें पहले बता दिया जाता तो वे स्वयं अपना सामान हटा लेते.