योगी राज में महिला सुरक्षा बदहाल: दिनदहाड़े पेट्रोल डालकर 10वीं की छात्रा को जलाया, इलाज के दौरान हुई मौत
अपराधियों की गिरफ़्तारी न होने से मृतक छात्रा के परिजन नाराज़ हैं, मुख्यमंत्री योगी से न्याय की गुहार लगाई.
योगी राज में बेटियां कितनी सुरक्षित है इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक छात्रा को दो युवकों ने दिनदहाड़े पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया.
आगरा के मलपुरा में मंगलवार को कुछ मनचलों ने दिनदहाड़े 10वीं की एक छात्रा को पेट्रोल डालकर जला दिया. गंभीर से रूप से झुलसी छात्रा को एसएन कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उसे दिल्ली के सफदरजंग रेफर कर दिया गया. गुरुवार की सुबह पीड़िता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
न्यूज़18 की ख़बर के अनुसार वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब पीड़िता स्कूल से घर लौट रही थी. तभी एक बाइक पर दो युवक आए और छात्रा पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. दोनों आरोपी युवकों ने हेलमेंट पहना था और वारदात को अंजाम देते ही दोनों घटनास्थल से फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक़ आरोपियों की गिरफ़्तारी न होने से परिजनों में खासी नाराज़गी है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है. मामले में पुलिस का कहना है कि पीड़िता और उनके परिजनों से बातचीत की गई. लेकिन वारदात को अंजाम देने की कोई ठोस वजह पता नहीं चल रही है.
ग़ौरतलब है कि योगी सरकार प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं. बुलंदशहर की घटना को अभी कुछ ही समय बीता था कि एक और दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया. लेकिन अपराधी अब भी पुलिस और प्रशासन की पकड़ से दूर हैं.