May a good source be with you.

देवरिया: जन्माष्टमी के दिन तेज आवाज़ में बज रहे संगीत का विरोध करने पर भीड़ ने युवक को मारा, मौत, लगाया गया कर्फ़्यू

ज़िलाधिकारी अमित किशोर के मुताबिक ज़िले में 15 सितंबर तक धारा 144 लागू रहेगी.

उत्तर प्रदेश के देवरिया में जन्माष्टमी के मौके पर तेज आवाज़ में संगीत बजाने का विरोध करने पर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई है. घटना बीते शनिवार देर शाम की है.

नेशनल हेराल्ड के मुताबिक देवरिया के बरहज इलाके में शनिवार को जन्माष्टमी के मौके पर कुछ लोग तेज आवाज़ में संगीत बजा रहे थे. तभी मुन्नु लाल नाम के एक शख़्स ने तेज आवाज़ का विरोध किया जिसके बाद लोगों ने उसे बुरी तरह मारा.

नेशनल हेराल्ड के मुताबिक देवरिया के एसपी श्रीपति मिश्रा का कहना है, “जन्माष्टमी के मौके पर पटेलनगर इलाके में कुछ युवा तेज आवाज़ में संगीत बजा रहे थे. इसका विरोध मुन्नु लाल ने किया, जिसके बाद भीड़ ने उसे लाठियों से मारा.” आगे उन्होंने कहा, “मुन्नु लाल को बचाने जब उसकी पत्नी अपने दो बेटों सुमित और सचिन के साथ आई तो लोगों ने उन्हें भी मारा.”

इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. इसके बाद चिकित्सकों ने घायलों को ज़िला अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां रविवार को 25 वर्षीय सुमित की इलाज के दौरान मौत हो गई.

इसके बाद से ज़िले में कर्फ़्यू लगा दी गई है. ज़िलाधिकारी अमित किशोर के मुताबिक 15 सितंबर तक धारा 144 लागू रहेगी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+