उत्तरप्रदेश: उन्नाव में टीकाकरण अभियान के बाद बच्चों की तबीयत ख़राब
टीकाकरण के बाद बच्चों को चक्कर और उल्टी समस्या हो गई.
उन्नाव ज़िले में मीजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान में मोतीनगर स्थित सेन्ट पीटर्स स्कूल, बच्चों के टीका लगाये जाने के बाद करीब एक दर्ज़न बच्चों की तबीयत ख़राब हो गई. इन बच्चों को आनन-फानन ज़िला अस्पताल लाया गया. जहां पर पांच बच्चों को भर्ती कर लिया गया. अन्य बच्चों को प्राथमिक इलाज़ देकर वापस घर भेज दिया गया. सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी लालता प्रसाद ने बताया कि टीकाकरण अभियान के अंतर्गत सेन्ट पीटर्स स्कूल के लगभग दो सौ बच्चों का टीकाकरण किया गया था. जिसमें से एक दर्जन बच्चों को कुछ परेशानी होने पर अस्पताल लाया गया था. पांच बच्चों को भर्ती किया गया है, शेष बच्चों को उपचार देकर घर भेज दिया गया है. सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं.
उन्होंने बताया कि सभी बच्चे स्वस्थ्य है किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है. टीके के रिएक्शन जैसी कोई बात नही है. घटना के संबध मे बताया गया कि टीकाकरण के बाद बच्चों ने शिकायत की उन्हें चक्कर और उल्टी आ रही है. कई बच्चों द्वारा इस तरह की शिकायत पर विद्यालय में हड़कंप मच गया. घटना के बाद स्वास्थ्य विभागी के अधिकारियों ने जिला अस्तपताल पहुंच कर घटना की जानकारी ली.
ज़िले में सोमवार को मीजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान की शुरुआत ज़िले के प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री के द्वारा सरस्वती विधा मंदिर एबी नगर से किया गया. जिसके बाद टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था.