बुलंदशहरः रोषित किसानों ने जलाई गन्ने की होली, योगी सरकार के ख़िलाफ़ किया प्रदर्शन
किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार और सिस्टम उनकी अनदेखी कर रहा है.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नाराज किसानों ने होलिका दहन के मौके पर गन्ने की होली जलाकर सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया है. किसान आवार पशुओं और गन्ने की बकाया राशि के भुगतान न होने से नाराज किसानों ने सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी भी की.
पत्रिका की ख़बर के अनुसार भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सैकड़ों किसान ट्रैक्टर ट्रॉली और बस के माध्यम से बुलंदशहर के मलका पार्क पहुंचे. इसके बाद किसानों ने विरोध मार्च निकालते हुए काला आम चौराहे पर सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी की और गन्ने की होली जलाई.
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि गन्ने का बकाया भुगतान न होने की वजह से किसान आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं. दूसरी तरफ आवारा गौवंश किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार और सिस्टम उनकी अनदेखी कर रहा है.
प्रदर्शन में शामिल हुए मेरठ मण्डल अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि देश के किसान को गंभीर समस्याओं का सामना कर पड़ रहा है. गन्ना के बकाया का भुगतान न होने की वजह से नाराज किसानों ने गन्ने की होली जलाई है. उन्होंने बताया कि वेद सुगरमिल पर किसानों का करोड़ों रुपए बकाया है. जिसकी वजह से किसानों को बहुत दिक्कतें हो रही हैं.
उन्होंने कहा कि किसान इस बार काले कपड़े पहनकर होली मनाएंगे. क्योंकि पुलवामा हमले में किसानों के बेटे शहीद हुए थे. विरोध कर रहे किसानों ने ऐलान किया कि वे होली के दिन नोएडा में मोंटी चड्डा के मॉल पर कब्जा करेंगे.
ग़ौरतलब है कि बुलंदशहर में दूसरे चरण के मतदान संपन्न होने हैं.