शर्मनाकः ‘कुलदीप सिंह सेंगर मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं’: भाजपा विधायक ने रेप आरोपी विधायक के प्रति व्यक्त की सहानुभूति
भाजपा विधायक आशीष सिंह आशु ने कहा, “हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं. हमें उम्मीद है कि वे जल्द बुरे वक्त से बाहर आएंगे.”
उन्नाव गैंगरेप आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थन में उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक आशीष सिंह आशु समाने आए हैं. उन्होंने आरोपी विधायक के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए कहा कि कुलदीप भाई मुश्किल वक्त से गुजर रहे हैं. हमारी शुभकामनाएं कुलदीप सिंह के साथ हैं.
एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार हरदोई से भाजपा विधायक आशीष सिंह आशु बीते शुक्रवार को एक पंचायत कार्यक्रम में पहुंचे थे. सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “हमारे भाई कुलदीप सिंह सेंगर मुश्किल समय से गुजर रहे हैं. मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं और हम उम्मीद करते हैं कि वे जल्द इस मुश्किल वक्त से लड़कर बाहर आएंगे और आप सब का नेतृत्व करेंगे.”
ग़ौरतलब है कि बीते रविवार को गैंगरेप पीड़ित महिला रायबरेली जेल में अपने चाचा महेश सिंह से मुलाकात करने जा रही थी. तभी रायबरेली स्थित गुरबख्श गंज इलाके में एक ट्रक से उनकी गाड़ी टकरा गई. जिसमें महिला की चाची, मौसी और ड्राइवर की मौत हो गई. वही पीड़िता और उनके वकील गंभीर रूप से घायल हो गए. कुलदीप सिंह सेंगर और उनके भाई अतुल सिंह साल 2018 के बाद से जेल में बंद हैं.