उत्तरप्रदेशः योगी राज में इंसानियत शर्मसार, प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को नहीं मिला डॉक्टर
परिजनों ने काफी देर तक डॉक्टर को अस्पताल में ढूंढा लेकिन फिर महिला की डिलीवरी फर्श पर करवानी पड़ी.
उत्तर प्रदेश के गोंडा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक गर्भवाती महिला को डॉक्टर न मिलने की स्थिति में बच्चे को फर्श पर जन्म देने पर मजबूर होना पड़ा.
फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के मुताबिक़ गोंडा के बभनजोत ब्लॉक के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला को प्रसव पीड़ा हो रही थी. महिला के परिजन उसे कम्युनिटी हेल्थ सेंटर लेकर आए, लेकिन वहां कोई कर्मचारी या डॉक्टर मौजूद नहीं था.
परिजनों ने काफी देर तक डॉक्टरों को ढूंढा, लेकिन जब डॉक्टर नहीं मिले तो उन्होंने मजबूर होकर फर्श पर ही महिला की डिलीवरी करवानी पड़ी.
मामले के तूल पकड़ने से प्रशासन में हलचल हुई. देवीपाटन डिवीज़न के स्वास्थ्य निदेशक डॉ रतन कुमार ने आश्वासन देते हुए कहा कि यह एक गंभीर मामला है और इसकी जांच करवाई जाएगी. इस मामले में जो भी व्यक्ति ज़िम्मेदार होगा उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई होगी.