उत्तर प्रदेशः भदोही में विस्फोट 10 लोगों की मौत 6 अन्य लोग घायल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ और लोगों के मकानों के मलबे में दबे होने की आशंका है.
उत्तर प्रदेश के भदोही ज़िले के चौरी थानाक्षेत्र के रोहता बाजार में शनिवार को एक दुकान में हुए विस्फोट में दस लोगों की मौत हो गयी जबकि छह अन्य घायल हो गये. यह विस्फोट इतना जबर्दस्त था कि आसपास के तीन मकान इससे ध्वस्त हो गये.
अधिकारियों ने बताया कि कुछ और लोगों के मकानों के मलबे में दबे होने की आशंका है, हालांकि मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है.
जिलाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि यह विस्फोट कलियर मंसूरी की दुकान पर हुआ और इस धमाके में मंसूरी की भी मौत हो गयी. स्थानीय लोगों का दावा है कि मंसूरी अवैध पटाखे का कारोबार करता था.
प्रसाद ने बताया कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञ और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गयी है.