मुझसे ना पूछो अस्पताल का सवाल, मुझे तो बस राजनीति से काम: केंद्रीय मंत्री का गैर जिम्मेदाराना बयान, देखें विडियो
“आप मुझे हल्के में नहीं लीजिए क्योंकि मैं सारे सवालों का जवाब दूंगा. लेकिन मेरे को क्या पता कि कहीं पानी आया या नहीं आया.”
मोदी सरकार के मंत्रियों से जब काम को लेकर सवाल किया जा रहा है तो जवाब देने के बजाय पत्रकारों से ही तू-तू , मैं- मैं करने लग जा रहे हैं. ताज़ा मामले में केन्द्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेन्द्र सिंह इससे कुछ आगे ही निकल गए. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मैं भारत सरकार का मंत्री हूं मुझसे यह न पूछे कि कहां अस्पताल बना है और कहां पानी नहीं आ रहा है. आप मुझसे बस राजनीतिक सवाल करें.
दरअसल, एक वायरल हुए विडियो में साफ़ नज़र आता है कि प्रेस वार्ता में पत्रकार बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा सवाल पूछता है. पत्रकार पूछता है कि “सर आप किस स्थानीय मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं? इसके जवाब में केन्द्रीय मंत्री कहते हैं- ऐसा है कि यदि आप स्थानीय मुद्दे पर बात करना चाहते हैं तो कोई MLA को पकड़ लीजिए. या किसी राज्य के मंत्री से बात कर लीजिए. मैं भारत सरकार का मंत्री हूं. मुझसे यह न पूछिए कि कहां अस्पताल आया है और कहां पानी नहीं आया है. मुझसे बस राजनीतिक सवाल कीजिए.”
जब पत्रकार कहता है कि यह भी सवाल पॉलिटिकल ही है तो फिर केन्द्रीय मंत्री पत्रकार को ही पत्रकारिता सिखाने लगते हैं. वो आगे कहते हैं, “मैं आपको पत्रकारिता की बात समझाता हूं. आप मुझे हल्के में नहीं लीजिए क्योंकि मैं सारे सवालों का जवाब दूंगा. लेकिन मेरे को क्या पता कि कहीं पानी आया या नहीं आया.”
मतलब मंत्री/बड़े नेताओं से हॉस्पिटल, पानी जैसे आम लोगों से जुड़े गैर जरूरी बुनियादी सवाल न पूछे जाएं…उनसे अली-बजरंग बली,भारत-पाकिस्तान और ऐसे ही सारे सवाल पूछे जाएं। लगता हैं इन्होंने टीवी डिबेट के विषय को बहुत दिल से ले लिया है और अंतिम जरूरी मुद्दा समझ लिया। pic.twitter.com/dQ70sCtIjK
— Narendra Nath Mishra (@iamnarendranath) May 8, 2019
बता दें कि इससे पहले केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी एक निजी न्यूज़ चैनल के पत्रकार के सवाल पर भड़क गई थी. जब पत्रकार ने अमेठी को लेकर सवाल किया तो उन्होंने चैनल को ही गांधी खानदान का भक्त बता दिया था. भाजपा मंत्रियों के तरफ़ से इस प्रकार का रवैया कहीं न कहीं उनके हताशा का दर्शाता है.
ये भी पढ़ें- हताश ईरानी?, पत्रकार के सवाल से तिलमिला गईं केंद्रीय मंत्री, करने लगीं तू-तू, मैं-मैं, देखें विडियो