संयुक्त राष्ट्र की नई मानवाधिकार प्रमुख ने दुनियाभर में मानवाधिकारों के उल्लंघन पर चिंता जताई
चिली की पूर्व राष्ट्रपति मिशेल बाचेलेट हाल में ही संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त बनीं हैं।
संयुक्त राष्ट्र की नई मानवाधिकार प्रमुख ने ट्रंप प्रशासन द्वारा प्रवासी परिवारों को अनुचित तरीके से अलग करने समेत अन्य मुद्दों का हवाला देते हुए दुनिया भर में मानवाधिकारों के उल्लंघन पर चिंता जताई।
सोमवार से तीन हफ्ते का सत्र शुरू होने पर मिशेल बाचेलेट ने पहली बार मानवाधिकार परिषद को संबोधित किया।
चिली की पूर्व राष्ट्रपति हाल में ही संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त बनीं हैं।
उन्होंने उन प्रवासी परिवारों के लिए “समाधान” की कमी की निंदा की, जिन्हें अमेरिकी अधिकारियों ने बच्चों को उनके परिवार से अलग करने की अब बंद हो चुकी कवायद के दौरान हिरासत में लिये जाने के बाद अलग कर दिया था।
एक बयान के अनुसार बाचेलेट ने कहा कि म्यांमा के रखाइन प्रांत में रोहिंग्या अल्पसंख्यकों पर “हमला और उनका उत्पीड़न’’ जारी प्रतीत होता है।
उन्होंने सीरिया के विद्रोहियों के कब्जे वाले इदलिब प्रांत में “चल रहे सैन्य अभियान” के बारे में भी चिंता जताई।