नोटबंदी के दो साल: देशभर में आरबीआई कार्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि नोटबंदी एक त्रासदी थी, जिसने लाखों लोगों के जीवन और हज़ारों की संख्या में छोटे उद्योगों को बुरी तरह प्रभावित किया.
नोटबंदी के दो साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस आज देशभर में अपने सहयोगी दलों के साथ विरोध प्रदर्शन कर रही है. देशभर में भारतीय रिज़र्व बैंक के कार्यालयों के बाहर कांग्रेस यह प्रदर्शन कर रही है.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक कांग्रेस पार्टी का कहना है कि नोटबंदी के फ़ेल होने के कारण उसकी दूसरी सालगिरह पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता देशभर में रिज़र्व बैंक के मुख्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे. इस प्रदर्शन के जरिए बीते दो सालों के मोदी शासन में देश की बदहाली को जनता के सामने लाया जायेगा. नोटबंदी की वज़ह से देश के आम नागरिकों को भारी मुसिबतें झेलनी पड़ीं.
गुरुवार को नोटबंदी के दो साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने सरकार के इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी भारत के इतिहास में एक अलग किस्म का आत्मघाती फ़ैसला था, क्योंकि इसकी वजह से लाखों लोगों के जीवन और हज़ारों छोटे व्यापारियों के व्यापार को प्रभावित किया.