मीडिया में भरे पड़े हैं भाजपा के चमचे, दो चैनल्स ऐसे जिससे कुछ भी कहला लें हम- सुब्रमण्यम स्वामी
वरिष्ठ भाजपा नेता का कहना है कि मीडिया में भाजपा के बहुत सारे चमचे हैं .
भारतीय मीडिया पर सरकार की चापलूसी करने के आरोप कई बार लगते रहे हैं. यहां तक कि कई बड़े पत्रकार भी इन बातों को धीमी-तेज़ आवाज़ में इधर-उधर उठाते रहे हैं. अब एक ताज़ा विडियो में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने भी मान लिया है कि देश की मीडिया में भाजपा के चमचे भरे पड़े हैं.
स्वामी ने कहा है कि दो चैनल हैं जो भाजपा की कठपुतलियां हैं. उन्होंने यहां तक कहा कि ये चैनल भाजपा के निर्देशों के अनुसार कोई भी समाचार रिपोर्ट चलाते हैं.
स्वामी के मुताबिक “मीडिया में हमारे चमचे लोग बहुत हैं. अच्छा नहीं होगा अगर मैं नाम बोलूं. मीडिया में, टेलीविज़न में, दो स्टेशन ऐसे हैं जहां जो भी हम कहलवाना चाहते हैं, कहलवा सकते हैं. ये कहना कि मीडिया हमारे ख़िलाफ़ है ये मैं नहीं मानता.”
ट्विटर पर एक रिपोर्टर द्वारा शेयर की गई इस विडियो क्लिप में राज्यसभा सांसद को ये बयान देते हुए सुना जा सकता है.
"We too have our puppets in media. There are two channels which runs any news as per our instructions. So we can't say that Media is against us," BJP MP @Swamy39 in Mumbai pic.twitter.com/fsYzo6ebjE
— Vivek Kulkarni विवेक कुलकर्णी (@Vivekjkulkarni) February 10, 2019
ग़ौरतलब है कि पिछले महीने समाचार एजेंसी ‘एएनआई’ की प्रमुख स्मिता प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक इंटरव्यू किया था. इस इंटरव्यू के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्मिता को ‘लचीले स्वाभाव का पत्रकार’ बताते हुए कहा था कि वो सवाल भी खुद ही पूछ रही थी और जवाब भी खुद ही दे रही थी. इस पर एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने एक स्टेटमेंट जारी करके कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान की निंदा की थी.
हालांकि, इस मुद्दे पर मीडिया के विभिन्न वर्गों द्वारा एडिटर्स गिल्ड के इस कदम की आलोचना की गई थी. गिल्ड के कुछ कार्यकारी सदस्यों ने भी इस कदम का विरोध किया था.