चंदा कोचर के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करना पड़ा महंगा, सीबीआई ऑफिसर का हुआ तबादला
वित्त मंत्री अरुण जेटली चंदा कोचर के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज करने पर सीबीआई से खासा नाराज़ थे.
सीबीआई बैंकिंग एंड सिक्यॉरिटीज फ्रॉड सेल के एसपी सुधांशु मिश्रा को चंदा कोचर के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करना महंगा पड़ गया है. अब इस मामले के लिए एसपी सुधांशु धर मिश्रा का तबादला रांची करके उनकी जगह एसपी बिस्वजीत दास को चार्ज दिया गया है.
दरअसल, आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर के ख़िलाफ़ दर्ज एफआईआर पर सुधांशु मिश्रा ने दस्तखत किए थे. पत्रिका की ख़बर के मुताबिक दो दिन पहले चंदा कोचर के ख़िलाफ़ एफआईआर होने पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सीबीआई पर निशाना साधा था. उन्होंने सीबीआई को सिर्फ दोषियों पर ध्यान देने की नसीहत दी थी. जेटली ने ट्वीट कर लिखा कि भारत में बेहद खराब दर पर दोषियों को सजा मिलने का एक कारण जांच और पेशेवर रवैये पर दुस्साहस और प्रशंसा पाने की आदत का हावी होना है.
उन्होंने आगे कहा कि पेशेवर जांच और जांच के दुस्साहस में आधारभूत अंतर है. अगर हम बैंकिंग उद्योग से हर किसी को बिना सबूत के जांच में शामिल करने लगें तो हम इससे क्या हासिल करेंगे. जेटली ने कहा कि अधिकारियों को कुछ पहलुओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए.
ज्ञात हो कि बीते गुरुवार को सीबीआई ने ICICI बैंक घोटाले मामले में बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर के ख़िलाफ़ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और पद के दुरुफयोग करते हुए वीडियोकॉन समूह को कर्ज़ देने का मामला दर्ज किया है. इस घोटाले में सीबीआई ने चंदा कोचर के पति दीपक कोचर वीडियोकॉन के एमडी वीएन धूत के ख़िलाफ़ भी मामला दर्ज किया है.