सरकारी कंपनी HAL को अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए कर्ज़ लेना पड़ रहा है, क्या यही मेक इन इंडिया है?- कांग्रेस
कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री को बचाने के लिए उनके मंत्री लगातार झूठ बोल रहे हैं.
कांग्रेस ने राफेल मामले को लेकर शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला और दावा किया कि प्रधानमंत्री को बचाने के लिए उनके मंत्री लगातार झूठ बोल रहे हैं।
पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘प्रधानमंत्री को बचाने के लिए उनके मंत्री लगातार झूठ बोल रहे हैं, यहां तक कि संसद में झूठ बोला जा रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘ रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहला झूठ यह बोला कि दसाल्ट और एचएएल के बीच कोई करार नहीं हुआ। मुझे नहीं लगता कि उनको इस बारे में नहीं पता होगा।” उन्होंने कहा, ‘सीतारमण का दूसरा झूठ यह है कि उन्हें ज्ञान ही नहीं है कि दसाल्ट का ऑफसेट पार्टनर कौन है।’ खेड़ा ने कहा, ‘एक और झूठ बोला गया कि 526 करोड़ रुपये का विमान खरीदा जा रहा था उसके साथ हथियार नहीं थे। जबकि सच्चाई यह है कि वे यही विमान है जिन्हें अब खरीदा जा रहा है।’ कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ‘अगर ये विमान नहीं हैं तो फिर मोदी जी जवाब देना चाहिए कि क्या वायुसेना को दिखाए बिना यह खरीद की जा रही है।’ उन्होंने कहा, ‘तत्कालीन विदेश सचिव एस जयशंकर को प्रधानमंत्री के पेरिस दौरे से 48 घन्टे पहले तक पता नहीं था कि इस दौरे पर प्रधानमंत्री राफेल पर बातचीत करेंगे।’ खेड़ा ने कहा, ‘आज एचएएल को अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए एक हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेना पड़ रहा है। क्या यही मेक इन इंडिया है?”