पश्चिम बंगाल: TMC विधायक की हत्या के आरोप में भाजपा नेता मुकुल रॉय के ख़िलाफ़ FIR दर्ज
टीएमसी अध्यक्ष गौरीशंकर दत्ता ने विधायक की हत्या का आरोप भाजपा और मुकुल रॉय के समर्थकों पर लगाया था
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस विधायक सत्यजीत विश्वास की हत्या के मामले में भाजपा नेता मुकुल रॉय के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
नादिया ज़िले के कृष्णागंज से विधायक सत्यजीत विश्वास, बीते शनिवार को अपने क्षेत्र में आयोजित सरस्वती पूजा समारोह में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम के दौरान विश्वास जब मंच से उतर रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें अपनी गोली का निशाना बनाया, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना की जांच करते हुए पुलिस ने फ़िलहाल दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार नादिया ज़िला, बांग्लादेश बॉर्डर से जुड़ा हुआ है. पिछले कुछ समय से भाजपा अपनी राजनीतिक गतिविधियां यहां बढ़ा रही है.
विधायक सत्यजीत विश्वास मतुआ समुदाय से जुड़े हुए थे. इस समुदाय का वोट तृणमूल कांग्रेस व भाजपा, दोनों की जीत के लिए महत्वपूर्ण है.
ग़ौरतलब है कि नादिया ज़िले के टीएमसी अध्यक्ष गौरीशंकर दत्ता ने सत्यजीत की हत्या का आरोप भाजपा और मुकुल रॉय के समर्थकों पर लगाया था जिसे मुकुल रॉय ने खारिज कर दिया था. हालांकि अब भाजपा नेता के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई है.