मशहूर टाइम मैगजीन ने PM मोदी को बताया देश बांटने वाला व्यक्ति, कहा- 5 सालों में देश में घोला सांप्रदायिकता का ज़हर
मैगजीन की कवर स्टोरी में सवाल किया गया है, “क्या दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र मोदी सरकार के दोबारा 5 साल बर्दाश कर पाएगा?”
लोकसभा चुनाव के बीच जहां भाजपा और पीएम मोदी जनता को अपनी उपलब्धियां गिनवाने में व्यस्त हैं. वहीं दूसरी तरफ़ अमेरिका की मशहूर ‘टाइम’ मैगजीन ने प्रधानमंत्री मोदी को देश को बांटने वाला शख़्स करार दिया है.
टाइम मैगजीन ने 20 मई के अंक के कवर पेज पर ‘इंडियाज़ डिवाइडर इन चीफ’ कैप्शन के साथ पीएम मोदी की तस्वीर छापी है. मैगजीन में मोदी के 5 सालों के कार्यकाल का विवरण और आलोचना की गई है.
नवजीवन की ख़बर के अनुसार मैगजीन की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान देश में सांप्रदायिकता का जहर घोलने की कोशिश की है. यह मैगजीन 20 मई 2019 को जारी की जाएगी. लेकिन टाइम ने इस रिपोर्ट को अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित किया है.
मैगजीन में कवर स्टोरी का शीर्षक ‘कैन द वर्ल्ड्स लार्जेस्ट डेमॉक्रेसी एंड्यूर अनदर फाइव ईयर्स ऑफ मोदी गवर्नमेंट?’ दिया गया है. यानी क्या दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र मोदी सरकार के और पांच साल बर्दाश कर पाएगा?
टाइम पत्रिका में दावा किया गया है कि पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान हिंदू-मुसलमानों के बीच अलगाव पैदा करने की कोशिश की है. उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, नेहरूवादी और समाजवादी विचारधाराओं पर हमला किया है. प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को कांग्रेस मुक्त देश बनाने पर जोर दिया है.
इस पत्रिका ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की तारीफ की है. पत्रिका में बताया कि बंटवारे के बाद जवाहर लाल नेहरू ने फ़ैसला किया कि भारत में सिर्फ हिंदुओं के लिए नहीं बल्कि हर धर्म के लोगों के लिए जगह होगी.
मैगजीन की स्टोरी में मॉब लिंचिंग और गौरक्षकों के हाथों हुई हिंसा का भी जिक्र किया गया है. स्टोरी में बताया गया है, “गाय को लेकर मुसलमानों पर बार-बार हमले हुए हैं. स्टोरी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की भी चर्चा की गई है.
बता दें कि टाइम वही पत्रिका है जिसने साल 2014-15 में नरेंद्र मोदी को दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया था.