#Metoo कैंपेन: फ़िल्म निर्माता साजिद खान पर तीन महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया
साजिद की बहन फ़राह खान ने मामले पर रोष जताते हुए कहा है कि वे पीड़ित महिलाओं के साथ खड़ी हैं।
#Metoo कैंपेन में बॉलीवुड के एक और जाने माने हस्ती, साजिद खान का नाम सामने आया है। निर्माता- निर्देशक साजिद खान पर अब तक तीन महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। आरोप लगाने वाली महिलाओं में फ़िल्म अभिनेत्री सलोनी, एक पत्रकार और अन्य एक मॉडल का नाम शामिल है।
दैनिक भास्कर की ख़बर के मुताबिक़ साजिद खान के साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर और अभिनेत्री काम कर चुकी सलोनी चोपड़ा ने बताया कि खान के साथ काम को लेकर पहले इंटरव्यू में ही साजिद ने उनसे सेक्स से जुड़े सवाल किए। इसके बाद साजिद ने चोपड़ा के साथ फ़ोन पर अश्लील बातें करना, उन्हें नीचा दिखाना और कास्टिंग काउच के लिए ज़ोर डाला। जब चोपड़ा ने इसका विरोध किया तो साजिद ने कहा कि अगर वह उनकी रख़ैल बनकर नहीं रहेंगी, तो उन्हें कोई रोल नहीं मिलेगा जिसके बाद चोपड़ा ने उनके साथ काम करना छोड़ दिया।
चोपड़ा के अलावा एक वरिष्ठ पत्रकार ने साजिद पर आरोप लगाते हुए बताया कि कई साल पहले एक इंटरव्यू के दौरान साजिद ने उन्हें ज़बरदस्ती ‘किस’ करने की कोशिश की थी। इस घटने के कई साल बाद जब दुबारा साजिद उनसे मिले तो उन्होंने कहा कि वह मोटी हो गई हैं और वो उन्हें छूना भी पसंद नहीं करेंगे।
साजिद पर लगाए गए एक और आरोप में मॉडल और अभिनेत्री रेचेल व्हाइट ने बताया कि साजिद ने उन्हें अपने घर बुलाकर उनसे बिकिनी में ख़ुद को दिखाने के लिए जोर दिया और कहा कि अगर वो साजिद को पांच मिनट में सिड्यूस कर लेती हैं, तो उन्हें लीड रोल मिल जाएगा।
इसी क्रम में साजिद खान की बहन निर्माता-निर्देशक फ़राह खान ने ट्विटर के ज़रिये इस पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए कहा, “यह मेरे परिवार के लिए एक दु:ख का समय है। हमें कुछ मुश्किल मामलों का हल करना होगा। अगर मेरे भाई ने ऐसा किया है, तो उसे उसका परिणाम भुगतना होगा। मैं किसी भी तरह से उसके इस व्यवहार का समर्थन नहीं करती हूँ। उन्होंने कहा कि मैं उस हर एक महिला के साथ खड़ी हूँ जिसे भी आघात पहुंचा है।
This is a heartbreaking time for my family.We have to work through some very difficult issues. If my brother has behaved in this manner he has a lot to atone for.I don’t in any way endorse this behavior and Stand in solidarity with any woman who has been hurt.
— Farah Khan (@TheFarahKhan) October 12, 2018
गौरतलब है कि साजिद से पहले अब तक बॉलीवुड में विकास बहल, विवेक अग्निहोत्री, सुभाष घई, आलोक नाथ समेत कई लोगों पर #Metoo कैंपेन के तहत यौन उत्पीड़न के आरोप लग चुके हैं।