“पूर्व PM मनमोहन सिंह की जीवनी में 80 प्रतिशत बातें ग़लत” पूर्व NSA ने की संजय बारू की आलोचना
एम के नारायणन को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का करीबी माना जाता है.
पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम. के. नारायणन ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के जीवन पर आधारित ‘द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर: द मेकिंग एंड अनमेकिंग ऑफ मनमोहन सिंह’ की आलोचना की है. उन्होंने किताब में किए गए 80 फीसदी दावों को झूठा बताया है. एम के नारायणन को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का करीबी माना जाता है.
‘जनसत्ता’ के मुताबिक, एम. के. नारायणन ने इस किताब के लेखक संजय बारू की आलोचना करते कहा कि बारू का कद उतना महत्वपूर्ण नहीं था. नारायणन ने आरोप लगाया कि बारू ने 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान पैसा कमाने के लिए यह किताब लिखी.
नारायणन ने कहा कि यह किताब पूरी तरह झूठ पर आधारित है और उनके 80 प्रतिशत दावे झूठे हैं. सरकार में वह इतने बड़े नहीं थे और न ही उनका कोई महत्व था.
उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया सलाहकार के तौर पर बारू सही से काम नहीं कर पाए और 2008 में चले गए क्योंकि उन्हें लगा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार सत्ता में वापस नहीं आएगी.
उन्होंने आगे कहा कि किताब में जो भी लिखा है वह पूरी तरह उनके नजरिए पर आधारित है. मनमोहन सरकार की बड़ी उपलब्धियों में से एक भारत-अमेरिका परमाणु समझौते में नारायणन की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी.
बता दें इस फिल्म को लेकर काफी विवाद देखने को मिला है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस फिल्म पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा था कि ”अगर एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर पर फिल्म है तो डिजास्ट्रस प्राइम मिनिस्टर टाइटल से भी एक फिल्म बननी चाहिए.