May a good source be with you.

जन अकांक्षा रैली: तेजस्वी और मांझी ने राहुल गांधी को बताया पीएम पद का उम्मीदवार

तेजस्वी ने पीएम को झूठ बोलने की फैक्टरी बताते हुए कहा कि मोदी संवैधानिक संस्थाओं के ज़रिये विपक्षियों को डराने का काम करते हैं, नीतीश को बताया ‘पलटू चाचा’

पटना के गाँधी मैदान में जन आकांक्षा रैली के दौरान राजद प्रमुख तेजस्वी यादव और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने राहुल गांधी को पीएम पद के योग्य बताया.
साथ ही मोदी सरकार के वादों और जुमलों की धज्जियां उड़ाते हुए तेजस्वी ने कहा की देश और प्रदेश को ठगा गया है. उन्होंने बिहार को मोदी की ओर से किये गए सवा लाख करोड़ रुपए के पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के वादे पर सवाल पूछते हुए कहा कि बिहार के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है. प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पलटू चाचा बताते हुए उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से उनसे भी बदला लेने को कहा.
तेजस्वी ने पीएम को झूठ बोलने की फैक्टरी बताते हुए कहा कि मोदी संवैधानिक संस्थाओं के ज़रिये विपक्षियों को डराने का काम करते हैं.
राजद नेता ने कहा कि काम ना होने पर भाजपा दंगे-फसाद कराती है. उन्होंने देश और प्रदेश की जनता को राम के नाम पर भाजपा की सियासी चालों से बचने, एकजुट रहने और मोदी सरकार के जुमलों से बचे रहने को कहा.
मोदी सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह का नाम लेते हुए तेजस्वी ने कहा कि वो हर बात पर लोगों को पाकिस्तान भेजने को कहते हैं, ये देश किसी के बाप का नहीं है.
महागठबंधन के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश को जाति, धर्म के नाम पर कुर्ते की तरह मोदी जी ने फाड़ डाला है. हम सब अलग-अलग रंग के धागों से इसे सिलने का काम कर रहे हैं.
अपने भाषण के आखिर में तेजस्वी ने कहा कि ‘बेरोजगारी हटाओ, आरक्षण बढ़ाओ’ के नारे के साथ हम आगे बढ़ते रहेंगे.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+