बिहारः अधजले मरीज को कचरे के ढेर में फेंका, तेजस्वी बोले- बिहार में यह कौन सा राज?
पीड़ित युवक सरकारी योजनाओं में घूसखोरी रोकने की मांग पर अधिकारियों की लापरवाही से परेशान होकर आत्मदाह कर रहा था.
बिहार के हाजीपुर सदर अस्पताल में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. कथित तौर पर सदर अस्पताल के वॉर्ड ब्वॉय ने आग में झुलसे एक मरीज को कचरे के ढेर में फेंक दिया.
एक ख़बर के अनुसार हाजीपुर निवासी मिथिलेश सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को लेकर हाजीपुर के समाहरणालय परिसर में आत्मदाह करने का प्रयास कर रहा था, यहां से पुलिस कर्मियों से गिरफ़्तार कर उन्हें हाजीपुर अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन, यहां बेहतर उपचार देने की बजाय युवक को कचरे के ढेर में फेंक दिया गया. इसपर अस्पताल उपाधीक्षक का कहना है कि आरोपी वॉर्ड अटेंडेंट की पहचान करके मामले में कार्रवाई की जाएगी.
मिथिलेश सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को लेकर पहले भी शिकायत करते रहे हैं. इस बार उन्होंने कहा था कि अगर सरकार के पदाधिकारी घोटाले की जांच नहीं करेंगे तो वह अपना जीवन खत्म कर लेगा. मिथिलेश के हंगामे और आत्मदाह के प्रयास के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया.
इस घटना पर तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन पर निशाना साधा है. यादव ने ट्वीट कर कहा कि ये बिहार में कौन सा राज है? इतनी भी बर्फ़ नहीं गिर रही कि आपकी ज़ुबान ही जम जाए.
ये बिहार में कौन सा राज है? इतनी भी बर्फ़ नहीं गिर रही कि आपकी ज़ुबान ही जम जाए।https://t.co/43vAYfRFYb
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 30, 2018