13 प्वाइंट रोस्टर पर भड़के तेजस्वी, कहा- मनुवादी नागपुरी सरकार की ईंट से ईंट बजाएं लोग
तेजस्वी यादव ने लोगों से 13 प्वाइंट रोस्टर के ख़िलाफ़ आज दिल्ली में आयोजित विरोध मार्च में शामिल होने की अपील की है.
13 प्वाइंट रोस्टर लागू करने को लेकर देश में विरोध का माहौल व्याप्त है. इसे विश्वविद्यालयों में आरक्षण खत्म करने वाला माना जा रहा है. ऐसे में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने 13प्वाइंट रोस्टर को लेकर मोदी सरकार के ख़िलाफ़ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को खुला पत्र लिखकर मोदी सरकार पर बहुजनों का गला काटकर साजिशन 13 पॉइंट रोस्टर लागू करने का आरोप लगाया है.
तेजस्वी यादव ने ट्विटर पर अपने खत को शेयर करते हुए लिखा कि मनुवादी नागपुरी सरकार द्वारा बहुजनों का गला काट कर साजिशन 13 प्वाइंट रोस्टर लागू किया गया. उन्होंने 31 जनवरी के विशाल पैदल मार्च में लोगों से शामिल होने की अपील करते हुए सरकार की ईंट से ईंट बजाने को कहा है. ग़ौरतलब है कि यह विरोध मार्च मंडी हाउस से संसद मार्ग तक निकाला जाएगा. जिसमें कई संगठन शामिल होंगे.
प्रधानमंत्री के नाम खुला पत्र।
सभी साथियों से अपील है कि मनुवादी नागपुरी सरकार द्वारा बहुजनों का गला काटकर विश्वविद्यालयों में साज़िशन 13 प्वाइंट रोस्टर लागू करने के विरोध में कल 31,जनवरी को मंडी हाउस से संसद मार्ग तक के विशाल पैदल मार्च में शामिल होकर इनकी ईंट से ईंट बजायें। pic.twitter.com/79vwXngC8t
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) 30 January 2019
फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के अनुसार राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने भी मार्च में शामिल होने की बात कही है. उन्होंने 13 पॉइंट रोस्टर के ख़िलाफ़ केंद्रीय मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखा है.
ग़ौरतलब है कि 13 पॉइंट रोस्टर को विश्वविद्यालयों में आरक्षण खत्म करने वाला माना जा रहा है. क्योंकि 13 पॉइंट रोस्टर में डिपार्टमेंट को एक यूनिट माना जाता है उस हिसाब से अगर चार भर्ती निकलेंगी तो एक ओबीसी की नियुक्ति होगी. इसी प्रकार सातवें नबंर पर एससी हैं. यानी डिपार्टमेंट में सात भर्ती होंगी तो एक एससी को नियुक्त किया जाएगा. लेकिन आमतौर पर डिपार्टमेंट में एक साथ इतने पद खाली नहीं होते हैं. इसलिए 13 पॉइंट रोस्टर को आरक्षण खत्म करने की साजिश बताया जा रहा है.