May a good source be with you.

भाजपा के ख़िलाफ़ फ़ासीवाद विरोधी नारा लगाने वाली छात्रा को मिली ज़मानत

सोशल मीडिया पर यूज़र्स का कहना था कि केवल एक फासीवादी सरकार ही फासीवाद का विरोध करने वालों को जेल भेज सकती है।

तमिलनाडु के तूतीकोरिन एयरपोर्ट पर भाजपा के ख़िलाफ़ फ़ासीवाद विरोधी नारे लगाने वाली छात्रा को मंगलवार को ज़मानत दे दी गई। आपको बता दें कि चेन्नई से तूतीकोरिन जा रही लोइस सोफिया ने फ्लाइट में पहले मोदी सरकार आलोचना की और फिर तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष तमिलसाई सुंदरराजन के सामने “फ़ासीवादी भाजपा” के विरोध में नारा लगाया । इससे गुस्साई तमिलसाई ने छात्रा को गिरफ़्तार करवा दिया था। छात्रा के परिवार का कहना है कि तमिलसाई को एयरपोर्ट लेने आये 10 आदमियों ने सोफिया के साथ बद्तमीज़ी की थी और उन्हें धमकाया भी था।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार 28 साल की सोफिया ने ट्विटर पर लिखा था, “मैं तमिलसाई के साथ फ्लाइट में हूं मोदी-भाजपा-आरएसएस फ़ासीवादी सरकार डाउन का नारा लगाना चाहती हूं। क्या मुझे फ्लाइट से निकाला जाएगा?” सोफिया कनाडा में गणित रिसर्च स्कॉलर है और तूतीकोरिन में अपने घर लौट रही थी।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद कई लोगों ने छात्रा की अभिव्यक्ति की आज़ादी का समर्थन किया और मात्र अपनी सोच ज़ाहिर करने के लिए उन्हें गिरफ़्तार किये जाने का विरोध किया गया। भाजपा सरकार पर तंज़ करते हुए सोशल मीडिया पर यूज़र्स का कहना था कि केवल एक फ़ासीवादी सरकार ही फ़ासीवाद का विरोध करने वालों को जेल भेज सकती है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए द्रमुक प्रमुख एम.के स्टालिन ने कहा कि अगर ऐसे नारेबाज़ी पर जेल होगी तो मैं भी छात्रा का नारा दोहराना चाहता हूं, कितने लाख़ लोगों को जेल में डालेंगे?

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+