May a good source be with you.

तमिलनाडुः पोल्लाची बलात्कार मामले में CBI ने दायर की चार्जशीट, 5 संदिग्ध व्यक्तियों पर लगाए गंभीर आरोप

पांचों आरोपी कोयंबटूर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं.

तमिलनाडु के पोल्लाची में एक महिला पर यौन हमले के मामले में  केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बीते शुक्रवार को पहला आरोप पत्र दायर किया है. जिसमें 5 संदिग्ध व्यक्तियों पर बलात्कार का आरोप लगाया है.

सीबीआई प्रवक्ता नितिन वाकणकर ने कहा कि जांच एजेंसी ने कोयंबटूर की एक विशेष अदालत में सबरीराजन उर्फ रिश्वांत, के. तिरूनावुक्कारासाउ, एम सतीश, टी वसंत कुमार और आर मणि के ख़िलाफ़ आरोप पत्र दायर किया है. पांचों आरोपी कोयंबटूर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं.

एजेंसी ने कहा कि सबरीराजन एक निजी निर्माण कंपनी में काम करता था, जबकि तिरूनावुक्कारासाउ और वसंत ब्याज पर पैसे देने का काम करते थे. मणि और सतीश कारोबारी थे और उनकी उम्र 20 से 30 साल के बीच है.

जांच एजेंसी ने आरोप लगाया कि वे ‘संगठित आपराधिक गिरोह’ की तरह काम कर रहे थे और एक-दूसरे के संपर्क में थे. एजेंसी ने आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता के तहत यौन उत्पीड़न, बलात्कार, लूटपाट तथा सूचना प्रौद्योगिकी कानून के प्रावधानों के तहत आरोप लगाए हैं. एजेंसी ने आरोपियों के ख़िलाफ़ विशेष कानून महिला उत्पीड़न रोकथाम अधिनियम के तहत भी आरोप लगाए.

तमिलनाडु सरकार ने इस अपराध को अत्यंत गंभीर बताते हुए इस मामले को राज्य की सीबी-सीआईडी से लेकर सीबीआई को सौंपने को मंजूरी दी थी.

बता दें कि चेन्नई से करीब 500 किलोमीटर दूर पोल्लाची के पास बीते 12 फरवरी को चार व्यक्तियों के समूह ने कथित तौर पर एक महिला को कार में निर्वस्त्र करने की कोशिश की थी. उन्होंने इसका विडियो बनाकर महिला को ब्लैकमेल किया था. जिसके बाद पीड़िता ने 24 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.

पीटीआई इनपुट्स पर आधारित

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+