बिहार मॉब लिंचिंगः मवेशी चोरी के शक में 3 लोगों की पीट-पीटकर हत्या
पीड़ितों के ख़िलाफ़ मवेशी चोरी का मामला दर्ज किया गया है.
बिहार के सारण ज़िले में गुरुवार (18 जुलाई) को भीड़ ने मवेशी चोरी के शक में तीन लोगों की बर्बर पिटाई करके मौत के घाट उतार दिया.
एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार सारण ज़िले के बनियापुर थाना क्षेत्र में नंदलाल टोला में स्थानीय लोगों की भीड़ ने पिकअप वाहन के जरिए पालतू पशु की चोरी के शक में तीन लोगों को पकड़ा और उनकी बुरी तरह से पिटाई कर दी. जिससे उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
रिपोर्ट के अनुसार मृतकों के परिजनों ने ग्रामीणों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज करवाई है, वहीं पीड़ितों के ख़िलाफ़ मवेशी चोरी का मामला भी दर्ज किया गया है.
बता दें कि पिछले महीने झारखंड में 24 वर्षीय तबरेज़ अंसारी को भीड़ ने बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी थी. लगातार बढ़ती भीड़ हिंसा और सांप्रदायिक हमलों से पता चलता है कि देश में कानून व्यवस्था की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.