बालाकोट एयर स्ट्राइक में नहीं मारा गया पाकिस्तान का एक भी जवान या नागरिक: सुषमा स्वराज
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत कई नेताओं ने कहा था कि एयर स्ट्राइक में सैकड़ों पाकिस्तानी मारे गए.
विदेश मंत्री और भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने कहा है कि पाकिस्तान के बालाकोट में किए गए एयर स्ट्राइक में एक भी पाकिस्तानी जवान या नागरिक नहीं मारा गया है. अहमदाबाद में भाजपा की महिला नेताओं को संबोधित करते हुए सुषमा स्वराज ने ये बातें कही.
एबीपी न्यूज़ के मुताबिक सुषमा स्वराज ने कहा कि भारत ने आत्मरक्षा के लिए पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक की थी. इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी सूचित किया गया. उन्होंने कहा, “हमने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को कहा कि भारतीय जवानों को निर्देश दिया गया था कि पाकिस्तानी जवान या आम नागरिकों को नुकसान नहीं होना चाहिए.”
उन्होंने आगे कहा, “जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी, इसलिए हमें सिर्फ उसके आतंकी ठिकाने को ध्वस्त करना था. सेना ने एयर स्ट्राइक में यही काम किया.”
बता दें कि बीते फरवरी महीने में जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों के एक काफ़िले पर आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 40 से ज्यादा जवान मारे गए. इसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक की थी. एयर स्ट्राइक के बाद भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह सहित कई नेताओं ने कहा था कि पाकिस्तान के एयर स्ट्राइक में सैकड़ों लोग मारे गए हैं, जबकि सेना ने इस तरह के कोई भी आंकड़े नहीं दिए थे.