चौकीदार के साथ-साथ ठोकीदार को भी हटाए UP की जनता: अखिलेश यादव ने मोदी-योगी पर साधा निशाना
बीएसएफ से बर्खास्त जवान तेजबहादुर यादव का नामांकन रद्द होने को लेकर अखिलेश ने कहा कि एक फौजी चुनाव लड़ना चाहता था, भाजपा उसका मुक़ाबला भी नहीं कर पाई.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सहजनवां और चिलुआताल में रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में ठुकाई नीति चल रही है, उत्तर प्रदेश की जनता चौकीदार के साथ-साथ ठोकीदार को भी हराएगी.
बीएसएफ से बर्खास्त जवान तेजबहादुर यादव का नामांकन रद्द होने को लेकर अखिलेश ने कहा कि एक फौजी चुनाव लड़ना चाहता था, भाजपा उसका मुक़ाबला भी नहीं कर पाई.
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि, “यूपी में ठोको नीति चल रही है. यहां शिक्षा मित्र ठुके थे. कोई नहीं बचा है जो ना ठुका हो. इसलिए सिर्फ चौकीदार को ही नहीं ठोकीदार को भी हटाना है.”
अखिलेश यादव ने कहा कि हम गोरखपुर के लोगों को बताना चाहते हैं कि ये जो एम्स बन रहा है ये भी समाजवादियों की हीं देन है. अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर की जनता गठबंधन को ऐतिहासिक वोटों से जिताने के लिए तैयार है.
सपा अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी और GST से देश बहुत पीछे चला गया, देश की अर्थव्यवस्था कमज़ोर हो गई. हमें-आपको मिलकर देश को तरक़्क़ी और ख़ुशहाली के रास्ते पर लेकर जाना है.
अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा के राज में भारत पर दोगुना क़र्ज़ हो चुका है. पहले जो कर्ज पैंतीस लाख करोड़ का था, आज लगभाग सत्तर लाख करोड़ हो चुका है. जिस पैसे से हर किसी की मदद हो सकती थी, भाजपा के राज में वही पैसा उद्योगपति लेकर भाग गये.”
अखिलेश यादव ने कहा कि आज भाजपा के लोग गठबंधन से घबरा रहे हैं, क्योंकि वो हमारी गिनती का मुक़ाबला नहीं कर सकते. गोरखपुर ने देश को बता दिया है कि अगर राजनैतिक परिस्थितियां बनेंगी तो सपा और बसपा भी साथ मिलकर काम कर सकते हैं. ये चुनाव देश के नौजवानों के भविष्य का चुनाव है.
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा के राज में भ्रष्टाचार के बिना किसी को भी आवास नहीं मिला. भाजपा वाले भेदभाव की दृष्टि से देखते हैं. वो कहते ज़रूर हैं ‘सबका साथ सबका विकास’ लेकिन इनके फैसलों में ‘सबका साथ सबका विकास’ नहीं है.