मोदी सरकार बनाम जनता की लड़ाई में यह सरकार जाएगी-सीताराम येचुरी
सीताराम येचुरी ने कहा कि 2018 में 1.1 करोड़ लोगों का रोज़गार छिन गया, मोदी सरकार में लोगों का कष्ट और अधिक बढ़ गया है.
माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने इस साल प्रस्तावित आम चुनाव के मद्देनजर शनिवार को कहा कि लोग बदलाव की तरफ देख रहे हैं और यह चाहते हैं कि अब यह सरकार जाये.
येचुरी ने माकपा के मुखपत्र ‘पीपुल्स डेमोक्रेसी’ में अपने लेख में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाल ही में एक साक्षात्कार का हवाला देते हुये कहा ‘‘प्रधानमंत्री का यह बयान स्वाभाविक ही है कि भारत के लोग इस चुनाव की दिशा तय करेंगे. बेशक, हर चुनाव में जनता ही चुनाव की दिशा तय करती है.’’ येचुरी ने कहा कि यह तेजी से स्पष्ट हो रहा है कि भारत में लोग बदलाव की तरफ देख रहे हैं और जनता यह चाहती है कि अब यह सरकार जाये.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लगभग डेढ़ घंटे के साक्षात्कार में रोज़गार सृजन के बारे में एक शब्द भी नहीं बोला. जबकि चुनाव से पहले उन्होंने युवाओं के लिये हर साल रोज़गार के दो करोड़ अवसर मुहैया कराने का वादा किया था. इस हिसाब से अब तक रोजगार के अवसरों में दस करोड़ का इज़ाफ़ा हो जाना चाहिए था.
येचुरी ने रोज़गार बढ़ने के बजाय नौकरियां घटने संबंधी एक अध्ययन रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि 2018 में 1.1 करोड़ लोग रोज़गार से हाथ धो बैठे. इस स्थिति से ग्रामीण क्षेत्र के लोग सर्वाधिक प्रभावित हुए.
अध्ययन रिपोर्ट के हवाले से शनिवार को प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट का जिक्र करते हुये येचुरी ने ट्वीट भी किया ‘‘2018 में 1.1 करोड़ लोगों का रोज़गार छिना, मोदी सरकार में लोगों का कष्ट और अधिक बढ़ गया है. रोज़गार का अभाव, युवाओं और भारत के भविष्य को नष्ट कर रहा है. जबकि वादा था दस करोड़ नई नौकरियां देने का.’’
उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा किसानों की कर्ज़माफ़ी को ‘लॉलीपॉप’ करार देने को अमानवीय बताते हुए कहा कि संकटग्रस्त किसानों की आत्महत्या को रोकने के लिये एक बार कर्ज़ माफ़ी ही ‘अन्नदाता’ को समस्या से उबारने का एकमात्र दूरगामी उपाय है.
येचुरी ने नोटबंदी, जीएसटी, धार्मिक असहिष्णुता, राफ़ेल और तीन तलाक मामले में सरकार के बचाव में प्रधानमंत्री मोदी की दलीलों को नकारते हुए कहा कि पांच साल से भी कम समय में जनता सरकार के वादों और दावों की सच्चाई समझ गयी है. अगला चुनाव ‘मोदी सरकार बनाम जनता’ के रूप में देखने को मिलेगा.