May a good source be with you.

शिव’राज’ – किसान अपने पैसे के लिए दर-दर भटक रहे हैं और कमीशनखोरी से अफसर हो रहे हैं मालामाल

कमीशनखोरी से परेशान किसानों ने किया प्रदर्शन, अफसर की बर्खास्ती की मांग

शिवराज सरकार में एक तरफ जहां किसान को अपनी बेची गई फसलों के भुगतान के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है वहीं दूसरी तरफ नागरिक आपूर्ति निगम के अफसर कमीशनखोरी से मालामाल हो रहे हैं। किसानों की मेहनत की कमाई में अफसर कमीशनखोरी करते हैं। इससे परेशान किसानों ने अब मोर्चा खोल दिया है।

ईनाडु इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार राज्य के उमरिया ज़िले में कमीशनखोरी से परेशान किसान सड़क पर उतर आए और नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया है कि उनसे खरीदे गए गेहूं में 11 लाख रुपए कमीशन अधिकारी हज़म कर गए।

गौरतलब है कि ज़िले में गेहूं खरीदी के दौरान हर किसान से प्रति बोरी 2 रुपए का प्रबंधक के नाम से कमीशन लिया गया हैं। सभी किसानों के द्वारा दिए पैसे को एकमुश्त कर दिया जाए तो यह एक बड़े कमीशनखोरी का मामला बन जाता है।

किसान हाथ में अफसर के नाम की तख्तियां और ज़बान पर उसे बर्खास्त करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम अपना ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि अफसर को बचाया गया तो वे लोग उग्र आंदोलन पर उतर आएंगे।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+