मुख्यमंत्री योगी नाम बदलने में व्यस्त, पर उ.प्र के मूलभूत मुद्दों की सुध नहीं : शिवसेना
शिवसेना ने कहा कि पार्टी के समक्ष खड़ा प्रश्न इतिहास से जुड़ा है. जबकि वह भूगोल से जुड़े प्रश्न का जवाब दे रहे हैं.
शिवसेना ने बृहस्पतिवार को शहरों के नाम बदलने और बुलंदशहर हिंसा को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ पर जमकर निशाना साधा. शिवसेना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी शहरों के नाम बदलने में व्यस्त हैं लेकिन अपने राज्य के मूलभूत मुद्दों का हल नहीं निकाल पा रहे हैं.
शिवसेना ने कहा कि पार्टी ने अपने मुखपत्र सामना में लिखा है कि सैनिकों और पुलिसकर्मियों का कोई धर्म नहीं होता है. ठीक उसी प्रकार जो लोग सत्ता में हैं उन्हें सिर्फ अपनी ज़िम्मेदारी निभाने पर ध्यान देना चाहिए. बुलंदशहर में भड़की हिंसा के विषय में शिवसेना ने कहा कि योगी के शासन में दंगे हो रहे हैं. गौ मांस को लेकर हुई हिंसा में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई.
शिवसेना ने तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनने पर हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर करने के बयान की भी निंदा की. शिवसेना ने कहा कि योगी आदित्यनाथ हैदराबाद का नाम बदलने की बातें कर रहे हैं. लेकिन अपने राज्य के मुद्दों को सुलझाने में असफल हो रहे हैं.
शिवसेना का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी के समक्ष खड़ा प्रश्न इतिहास से जुड़ा है, जबकि वह भूगोल से जुड़े प्रश्न का जवाब दे रहे हैं. सवाल यह नहीं है कि हैदराबाद भाग्यनगर कब बनेगा बल्कि सवाल यह है कि राम मंदिर कब बनेगा.
ज्ञात हो कि बीते 3 दिसंबर को बुलंदशहर में गोकशी की झूठी अफवाह फैलने के बाद हिंसा भड़क गई थी. इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और 20 वर्षीय युवक सुमित की मौत हो गई थी. पुलिस द्वारा हिंसा भड़काने के लिए दर्ज एफआईआर में भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष, वीपीएच एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का नाम शामिल हैं.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित