May a good source be with you.

शर्मनाक: भाजपा नेता की खुले-आम धमकी, कहा – जो हमारी ‘रथ यात्रा’ को रोकेंगे, उनके सिर रथ के पहिये से कुचल दिए जायेंगे

तृणमूल कांग्रेस महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि भाजपा नेता उकसाने वाले बयान देकर राज्य में शांति और स्थिरता को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई की एक वरिष्ठ महिला नेता ने कहा है कि जो लोग राज्य में पार्टी की निर्धारित ‘रथ यात्रा‘ को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, वे ‘‘रथ के पहियों के नीचे कुचल जायेंगे.’’

राज्य की महिला मोर्चा अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी ने भी कहा कि यह ‘यात्रा’ राज्य में लोकतंत्र बहाली के मकसद से आयोजित की जा रही है. वह मालदा ज़िले में संवाददाताओं से बातचीत कर रही थीं. गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इन तीन ‘रथ यात्राओं’ की शुरुआत करेंगे. राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों को समेटने वाली ये यात्राएं पांच, सात और नौ दिसम्बर को होनी है.

यात्रा की समाप्ति पर पार्टी कोलकाता में एक व्यापक रैली आयोजित करेगी जिसके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधित करने की संभावना है. चटर्जी ने कहा, ‘‘रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की बहाली है. हमने इसे पहले भी कहा है कि ‘रथ यात्रा’ को रोकने की कोशिश करने वाले वालों के सिर रथ के पहियों के नीचे कुचल जायेंगे.

चटर्जी के इस बयान की राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस महासचिव पार्थ चटर्जी ने यह कहते हुए निंदा की है कि भाजपा नेता उकसाने वाले बयान देकर राज्य में शांति और स्थिरता को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का मुख्य उद्देश्य बंगाल में अपने सांप्रदायिक एजेंडे को आगे बढ़ाना है. इसलिए वे उकसावे वाले बयान दे रहे हैं, लेकिन बंगाल के लोग भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को कामयाब नहीं होने देंगे.’’

पीटीआई इनपुट्स पर आधारित

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+