May a good source be with you.

हरियाणा PSC में खेल कोटे में धांधली? जानिए क्यों कॉमनवेल्थ और एशियन चैंपियनशिप जीतने के बाद भी दर-दर की ठोकर खा रहे हैं अनमोल

प्रदेश में सिर्फ 13 लोग ही PSC के खेल कोटे के पदों पर चयन होने के योग्य हैं लेकिन 60 लोग उक्त परीक्षा में पास हुए हैं.

कॉमनवेल्थ और एशिया चैंपियनशिप में देश के लिए कई मेडल जीत चुके जूडो-कराटे खिलाड़ी अनमोल सिंह कोर्ट का चक्कर लगाते थक गए हैं. विश्व में 15 वीं स्थान हासिल करने वाले अनमोल हरियाणा के हिसार के रहने वाले हैं. उनके पास सारी योग्यता होने के बावजूद भी नौकरी नहीं मिल रही है.

दरअसल, हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के भर्ती परीक्षा में अनमोल कथित धांधली का शिकार हुए हैं. आयोग ने 166 पदों पर एचपीएससी अधिकारियों के चयन परीक्षा का आयोजन किया था. जिसमें 5 पद स्पोर्टस कोटे के तहत था. एचपीएससी ने 31 मार्च 2019 को भर्ती परीक्षा का आयोजन किया. खेल कोटे के तहत इन पांच पदों के लिए वहीं खिलाड़ी आवेदन कर सकते थे, जिनके पास प्रदेश के नई खेल पॉलिसी के तहत A ग्रेड प्रमाण पत्र हो.

प्रतिद्वंदी पर हावी अनमोल सिंह

अनमोल सिंह ने इस चयन परीक्षा में स्पोर्टस कोटे के तहत फॉर्म भरा क्योंकि इनके पास A ग्रेड का प्रमाण पत्र है. लेकिन, राज्य लोक सेवा आयोग के प्री एक्जाम का परिणाम जब घोषित हुआ उसमें अनमोल का चयन नहीं हुआ है. जबकि, इस परीक्षा में स्पोर्टस कोटे के तहत 60 खिलाड़ियों ने परीक्षा पास की है.

आरटीआई का खुलासा

अनमोल को इस परीक्षा परिणाम को देखकर धांधली का शक हुआ और उन्होंने पूरे प्रदेश में A ग्रेड प्रमाण पत्र धारकों की संख्या जानने के लिए सूचना का अधिकार यानी आरटीआई लगाया. प्राप्त जानकारी के अनुसार 2014 से मार्च 2019 के तक पूरे प्रदेश में सिर्फ 13 खिलाड़ी हैं जिनके पास A ग्रेड का प्रमाण पत्र है. अनमोल का कहना है कि इन 13 लोगों में से कुछ के नाम इस प्री परीक्षा में चयनित लोगों में शामिल भी नहीं है.

आरटीआई से प्राप्त सूचना

अनमोल कहते हैं कि, ‘मैं 6 साल से जूडो-कराटे के इंडिया टीम का हिस्सा हूं. मैने कॉमनवेल्थ में (1 गोल्ड, 2 सिल्वर), एशिया चैंपियनशिप में (1 ब्रोंज), साउथ एशियन चैंपियनशिप (1 गोल्ड, 1 सिल्वर), एशिया कप (1 गोल्ड) जीत चुका हूं. वर्ल्ड चैंपियनशिप में अब तक दो बार हिस्सा ले चुका हूं. जिसमें 7 वीं और 9वीं रैंक प्राप्त की है.’

अनमोल के मेडल्स

ग़ौरतलब है कि हरियाणा के नई खेल नीति के तहत A ग्रेड प्रमाण पत्र के लिए सिर्फ वहीं ख़िलाड़ी योग्य होते हैं जो ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड चैंपियनशिप आदि का हिस्सा रहे हों और ख़िलाड़ी हरियाणा का रहने वाला हो. A ग्रेड सर्टिफिकेट पाने वाले ख़िलाड़ी सभी ग्रुप के नौकरी के योग्य होते हैं.

अनमोल का कहना है कि, ‘मेरे पास A ग्रेड का प्रमाण पत्र है. A ग्रेड प्रमाण पत्र धारकों को कैश अवार्ड भी मिलता है. मुझे भी करीब 40 लाख का कैश अवार्ड मिल चुका है. लेकिन, खेल नीति के तहत योग्य होने के बावजूद भी नौकरी नहीं मिल रही है. क्योंकि इस भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर धांधली की गई है.

अनमोल सिंह का ‘A’ ग्रेड प्रमाण पत्र

उनका कहना है कि, ‘भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में हमें मेडल लाने के बाद सम्मानित किया जाता था और हमारी योग्यता के अनुसार खिलाड़ियों को तुरंत नौकरी भी मिलती थी. उन्होंने खिलाड़ियों के लिए कैश अवार्ड भी बढ़ा दिया था. ये सब देख कर युवा भी खेल की तरफ आकर्षित होते थे. लेकिन,अब ऐसा नहीं हो रहा है.  अब तो योग्य होने के बावजूद भी नौकरी नहीं मिल रही है.’

आरटीआई से मिली जानकारी के बाद उम्मीदवार अनमोल सिंह ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की तरफ रुख किया. अनमोल ने कोर्ट में याचिका डाल दी है. कोर्ट की तरफ से एचपीएससी को दो बार नोटिस भेजा जा चुका है. लेकिन, आयोग की तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा है. इस मामले की सुनवाई के दौरान आयोग की तरफ से कहा गया कि लिखित परीक्षा में अनमोल के अंक कम थे. लेकिन, खेल नीति के तहत अनमोल इस परीक्षा के पात्रता योग्य हैं.

हाईकोर्ट द्वारा हरियाणा लोक सेवा आयोग को नोटिस

इस मामले पर अनमोल का कहना है कि आयोग अपनी ग़लती छुपाने के लिए अब लिखित परीक्षा का सहारा ले रहा है. सवाल यह है कि यदि प्रदेश में सिर्फ 13 लोग ही इन पद पर चयन होने के योग्य हैं तो फिर 60 लोगों ने उक्त परीक्षा को कैसे पास कर लिया है? हालांकि, इस भर्ती परीक्षा में लोक सेवा आयोग द्वारा हरियाणा खेल नीति का उल्लंघन साफ नज़र आ रहा है.

न्यूज़सेंट्रल 24×7 ने इस मामले पर हरियाणा लोक सेवा आयोग का पक्ष जानने के लिए इसके दफ़्तर में फोन किया. पूरे मामले को सूनने के बाद ईद की छुट्टी की बहाना देकर फोन  कट कर दिया गया.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+