सुप्रीम कोर्ट ने गृह मंत्रालय को लगाई फटकार- हर बार नई कहानी लेकर आता है मंत्रालय
आगामी लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए एनआरसी के आखिरी प्रकाशन को सितंबर तक बढ़ाने की मांग की गई थी.
सुप्रीम कोर्ट ने एनआरसी के मुद्दे को लेकर गृह मंत्रालय को फटकार लगाई है. कोर्ट ने कहा कि हम एनआरसी को आगे बढ़ाना नहीं चाहते लेकिन आप हर बार नई कहानी लेकर आते हैं. लगता है आप काम ख़राब करना चाहते हैं.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार इस मामले में सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने कहा कि असम नागरिकता मामले में देरी करने के लिए गृह मंत्रायल हर तरह के बहाने लेकर आ रहा है. गृह मंत्रालय एनआरसी प्रक्रिया को नष्ट करने की कोशिश में है. कोर्ट ने सवाल किया कि क्या हमें गृह सचिव को बुलाना चाहिए. क्योंकि एजी और एसजी ने ठीक से ब्रीफ नहीं किया है.
ग़ौरतलब है कि आगामी लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए एनआरसी के प्रकाशन की समय सीमा सितंबर तक बढ़ाने की मांग की गई थी. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसके प्रकाशन की समय सीमा को 31 जुलाई से आगे नहीं बढ़ाने को कहा है.