बिहारः राजद नेता की गोली मारकर हत्या, तेजस्वी बोले- अपने गुंडों को संभालिए नीतीश जी
राजद नेता रघुवर राय को मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी.
बिहार में अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं. ताज़ा मामला समस्तीपुर ज़िले का सामने आया है, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने राजद नेता की गोली मारकर हत्या कर दी.
न्यूज़18 की ख़बर के मुताबिक राजद नेता व पूर्व ज़िला परिषद उपाध्यक्ष रघुवर राय सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए अपने घर से निकल रहे थे. तभी, बाइक सवार युवकों ने उनको दरवाजे पर ही गोली मार दी.
घायल रघुवर राय की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. नेता की मौत से नाराज़ लोगों ने समस्तीपुर-दरभंगा हाईवे को जाम कर दिया.
इस घटना पर आक्रोश जताते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर बिहार के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा कि नीतीश कुमार जी, सत्ता संरक्षित गुंडों को संभालिए. गृहमंत्री की कुर्सी से किस बात और किस काम के लिए चिपक कर बैठे हैं?
तेजस्वी यादव ने आगे लिखा कि आपके द्वारा संरक्षित अपराधी रालोसपा और राजद के नेताओं की चुन-चुन कर हत्या कर रहे हैं, लेकिन आजतक आपकी ज़ुबान का ताला नहीं खुला है. घोर निंदनीय…
नीतीश कुमार जी, सत्ता संरक्षित गुंडों को संभालिए। किस बात और किस काम के गृहमंत्री बने कुर्सी से चिपक कर बैठे है? आपके द्वारा संरक्षित अपराधी रालोसपा और राजद के नेताओं की चुन-चुन कर हत्या कर रहे है लेकिन आजतक आपकी ज़ुबान का ताला नहीं खुला है। घोर निंदनीय…https://t.co/gp8m3aYxQJ
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) January 24, 2019