देश की अर्थव्यवस्था को चौपट करने का काम किया भाजपा ने: सचिन पायलट
पीएम मोदी ने 8 नवंबर 2016 को दावा किया था कि नोटबंदी से कालेधन, नकली मुद्रा, आतंकवाद में इस्तेमाल होने वाली मुद्रा एवं भ्रष्टाचार पर नियंत्रण होगा, लेकिन चारों दावे खोखले साबित हुए
कांग्रेस के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि नोटबंदी के 22 महीने बाद आरबीआई की ओर से किए गए आंकड़ों के खुलासे से स्पष्ट हो गया कि है कि भाजपा सरकार के फैसले से देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने 8 नवंबर 2016 को दावा किया था कि इससे कालेधन, नकली मुद्रा, आतंकवाद में इस्तेमाल होने वाली मुद्रा व भ्रष्टाचार पर नियंत्रण होगा, लेकिन चारों दावे खोखले साबित हुए हैं।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक पायलट ने कहा कि सरकार का दावा था कि उस समय जितनी मुद्रा चलन में थी, उसमें से 3 से 4 लाख करोड़ रुपए कालाधन है जो नोटबंदी के कारण बाहर आ जायेगा, लेकिन 99.3 प्रतिशत पुराने नोट बैंकों में जमा हो चुके हैं जो कि सरकार के इस दावे को गलत साबित करता है। सरकार की इस अदूरदर्शी नीति, हठधर्मिता से देश की अर्थव्यवस्था को लगभग 1.5 प्रतिशत का नुकसान हुआ है।
आतंकवाद की बात करे तो नोटबंदी के बाद से आतंकवादी घटनाओं में अप्रत्याशित इज़ाफा ही हुआ है। 2016 में जहां 155 आतंकी घटनाएं हुई थी, वहीं 2018 में बढकर 191 हो गई है। सरकार का दावा था कि नोटबंदी से डिजिटल लेनदेन की प्रवृत्ति बढ़ेगी, लेकिन इस प्रवृत्ति में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसके अलावा यह भी कहा गया था कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, लेकिन सरकार ने खुद भ्रष्टाचार को संस्थागत किया है। देश के खज़ाने व जनता के पैसे को चूना लगाकर भागने वाले भगोड़ों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।