महज अपनी कुर्सी बचाने के लिए गौरव यात्रा निकाल रही हैं राजे: सचिन पायलट
पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव अशोक गहलोत ने देश की आजादी के आंदोलन में भाजपा के योगदान पर उठाया सवाल
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर जनादेश से विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजे महज अपनी कुर्सी बचाने के लिए गौरव यात्रा निकाल रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और कांग्रेस की रीति-नीति पूरी तरह से गाँधी जी के अहिंसा के सिद्धान्त पर आधारित है। कांग्रेस ने आजादी से पहले भी अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को स्वतंत्र करवाया था और उन्हीं मूल्यों को अपनाते हुए आज कांग्रेस पार्टी देश में शांति, सद्भाव व भाईचारे की भावना को फैला रही है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव अशोक गहलोत ने देश की आजादी और विकास में कांग्रेस के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बीते 28 साल में से 18 साल भाजपा का शासन रहा फिर भी भाजपा वाले कांग्रेस को कोस रहे हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में भाजपा के योगदान पर भी सवाल उठाया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव व राजस्थान प्रभारी अविनाश पाण्डे ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनविरोधी रवैया अपनाकर जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है वहीं कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा एवं संगठन के स्तर पर आमजनता की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाकर सरकार को अपने जनविरोधी फैसले वापस लेने के लिए मजबूर किया है।