सबरीमाला विवाद: प्रदर्शनकारियों ने मी़डियाकर्मियों से फिर से की मारपीट, एक कैमरामैन घायल
तीन हफ्ते बाद दो दिन की विशेष पूजा के लिए दूसरी बार भगवान अयप्पा के मंदिर के कपाटों को श्रद्धालुओं के लिए खोला गया है.
केरल के सबरीमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर प्रदर्शन अब भी जारी है. तीन हफ्ते बाद दो दिन की विशेष पूजा के लिए दूसरी बार भगवान अयप्पा के मंदिर के कपाटों को श्रद्धालुओं के लिए खोला गया है. लेकिन मंगलवार की सुबह महिलाओं के प्रवेश को लेकर विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों ने पत्रकारों को एक बार फिर अपना निशाना बनाया जिसमें एक फ़ोटो पत्रकार घायल हो गए.
दरअसल प्रदर्शनकारियों को मंदिर के अंदर आंगन में प्रतिबंधित आयु वर्ग की महिला के प्रवेश करने की सूचना मिली थी जिसके बाद सैकड़ों प्रदर्शनकारी मंदिर के पास जमा हो गए और प्रदर्शनकारियों ने पंबा बेस कैंप के पास मीडिया पर हमले किए जिसमें एक कैमरामैन घायल हो गए.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि मंदिर परिसर में 52 वर्षीय महिला ने प्रवेश करने की कोशिश की थी. महिला और उनके बेटे को पूरी सुरक्षा के साथ पुलिस स्टेशन ले जाया गया है. बीते सोमवार को भी इस इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 कमांडो टीम और तकरीबन 100 महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक हज़ार सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था.
ज्ञात हो कि पंबा वह स्थान है जहां से भक्त श्रद्धालु पर्वत की चोटी पर स्थित भगवान अयप्पा के मंदिर तक पहुंते हैं. फिलहाल मंदिर के आस-पास कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है. निगरानी के लिए कैमरा और मोबाइल फोन जैमर भी लगाए गए हैं.