कॉरपोरेट मीडिया के ख़िलाफ़ मज़दूरों का हल्लाबोल, चुनाव तक नहीं देखेंगे गोदी मीडिया के चैनल
भारत की क्रांतिकारी मज़दूर पार्टी ने शपथ लेते हुए कहा कि चुनावों तक सरकार, भाजपा और संघ परिवार का झूठा प्रचार करने वाले ज़ी न्यूज़, टाइम्स नाऊ, इंडिया टीवी का पूर्ण बहिष्कार करते हैं.
भारत की क्रांतिकारी मज़दूर पार्टी (RWPI) ने सरकार, भाजपा और संघ परिवार के इशारों पर काम करने वाली गोदी मीडिया का आने वाले चुनावों तक पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का फैसला लिया है.
आरडब्ल्यूपीआई का मानना है कि मोदी सरकार ने डीआरडीओ के वैज्ञानिकों द्वारा परीक्षित मिसाइल का श्रेय लेने के बहाने चुनाव प्रचार किया है. जिससे मीडिया की भूमिका और साफ हो गई है. इसलिए इस सभा ने कॉरपोरेट गोदी मीडिया का बहिष्कार करने का किया है. जिसे एक जनान्दोलन में तबदील किया जाएगा.
भारत की क्रांतिकारी मज़दूर पार्टी ने शपथ लेते हुए कहा कि आज से आने वाले चुनावों तक सरकार, भाजपा और संघ परिवार का झूठा प्रचार करने वाले समाचार चैनलों जैसे ज़ी न्यूज़, टाइम्स नाऊ, इंडिया टीवी का पूर्ण बहिष्कार करते हैं.
ग़ौरतलब है कि ‘भारत की क्रान्तिकारी मज़दूर पार्टी’ भारत के मज़दूरों और मेहनतकशों की इंक़लाबी पार्टी है. जो मज़दूरों द्वारा बनाई गई है और उन्हीं के संसाधनों पर चलती है. यह पार्टी पूंजीपति वर्ग के किसी भी हिस्से से किसी भी प्रकार की सहायता नहीं लेती है.