May a good source be with you.

शिव ‘राज’ में एक ऐसा गांव जहाँ न सड़क न शौचालय, गांव के लोगों को मुख्यमंत्री के आशीर्वाद यात्रा का है बेसब्री से इंतज़ार

गांव के लोग समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को आवेदन भी दे चुके हैं पर नतीजा कुछ नहीं निकला

मध्यप्रदेश के उज्जैन ज़िले के घटिया तहसील के अन्तर्गत आने वाला गाँव रुदाहेड़ा में सरकारी योजनाओं का हाल भी ‘घटिया’ ही है। गाँव में न तो सड़क है और न ही शौचालय। एक तरफ राज्य के मुखिया विकास के नाम आगामी चुनाव के लिए आशीर्वाद बटोरते नज़र आ रहे हैं तो दूसरी तरफ राज्य की जनता बुनियादी सुविधाओं से महरूम दिख रही हैं। शिकायत के बावजूद भी इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

ईनाडु इंडिया के एक रिपोर्ट के अनुसार गांव के लोग अपनी परेशानियों को लेकर कई बार सरकार को आवेदन भी दे चुके हैं लेकिन इसके बावजूद नतीजा कुछ नहीं निकला। चौंकाने वाली बात ये है कि दस्तावेजों पर इस गांव में सड़क, सुलभ कॉम्प्लेक्स जैसी कई सुविधाएं दर्ज हैं लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। गाँव में न एक सड़क है और न घर में कोई शौचालय।

शिवराज चौहान अपने राज्य की सड़कों की तुलना अमेरिका की सड़कों से करते हैं, और शौचालय व्यवस्था को लेकर इतनी हड़बड़ी होती है कि ‘खुले में शौच मुक्त’ राज्य घोषित कर प्रशस्ति पत्र हासिल कर लेते हैं। लेकिन वास्तव में सूबे में योजनाओं का क्या हाल है ये तस्वीरें बयां कर रही हैं। इस गांव के लोग उम्मीद किए हुए हैं कि मुख्यमंत्री आशीर्वाद यात्रा के दौरान यहां आकर उनकी सुध ले लें।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+