प्रधानमंत्री मोदी और उनके शागिर्दों ने देश-विदेश की यात्राओं पर लुटाए 393 करोड़
आरटीआई के मुताबिक पीएम मोदी और उनकी कैबिनेट के द्वारा विदेशी दौरे पर 263 करोड़ रुपए और घरेलू दौरे पर भी 48 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं.
पिछले पांच सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों ने घरेलू और विदेशी दौरों पर 393 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. इस बात का खुलासा आरटीआई के तहत हुआ है. आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने प्रधानमंत्री कार्यालय में आरटीआई दायर कर पीएम और उनके मंत्री परिषद द्वारा मई 2014 से अब तक कुल विदेश यात्रा और घरेलू यात्रा खर्च की जानकारी मांगी थी.
आरटीआई के जवाब में बताया गया है कि पीएम मोदी और उनकी कैबिनेट के द्वारा विदेशी दौरे पर 263 करोड़ रुपए खर्च किए गए, वहीं घरेलू दौरे पर भी 48 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं.
सबरंग इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़ आरटीआई में जानकारी दी गई है कि राज्यमंत्रियों ने विदेशी दौरे पर 29 करोड़ रुपए और घरेलू दौरे पर 53 करोड़ रुपए खर्च किए गए.
कैबिनेट मामलों के भुगतान एवं लेखा कार्यालय के वरिष्ठ लेखा अधिकारी सतीश गोयल ने सवालों के जवाब में कहा कि वित्त वर्ष 2014-15 से 2018-19 तक प्रधानमंत्री और मंत्रियों के विदेशी दौरे और घरेलू दौरे पर कुल 393.58 करोड़ रुपये खर्च हुए. ई-लेखा रिपोर्ट का हवाला देते हुए गोयल ने कैबिनेट मंत्रियों, प्रधानमंत्री और राज्यमंत्रियों के खर्च का अलग-अलग ब्यौरा दिया है.
आरटीआई के जवाब के मुताबिक़, कैबिनेट मंत्रियों और प्रधानमंत्री ने विदेशी और घरेलू दौरे में 311 करोड़ रुपये खर्च किए जबकि राज्यमंत्रियों ने 82 करोड़ रुपये खर्च किए.
हालांकि कुछ महीने पहले ही सरकार द्वारा संसद में उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों खर्च 2,021 करोड़ रुपए था. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून 2014 से विदेश यात्रा के दौरान चार्टर्ड उड़ानों, विमानों के रखरखाव और हॉटलाइन सुविधाओं पर खर्च किए गए थे.