महिला द्वारा आत्मदाह के प्रयास के बाद आरएसएस नेता और पूर्व विधायक समेत 15 के ख़िलाफ़ सामूहिक बलात्कार का मुक़दमा दर्ज़
बीते सोमवार को इंदिरा नगर की रहने वाली एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह करने पहुंची थी.
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है. बलात्कार का आरोप पूर्व विधायक और आरएसएस नेता समेत कई लोगों पर लगा है. ग़ौरतलब है कि बीते सोमवार को इंदिरा नगर की रहने वाली एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह करने पहुंची थी.
महिला ने आरोप लगाया था कि पूर्व विधायक, आरएसएस नेता समेत अन्य कई लोगों ने उसकी मां और बहन के साथ सामूहिक बलात्कार किया था. महिला ने कहा कि इन आरोपियों ने एक साल पहले उसके भाई की हत्या करवाई थी. हत्या का विरोध करने पर उसकी मां और बड़ी बहन के साथ बलात्कार किया. समाज में शर्म के कारण महिला की मां और बहन ने आत्महत्या कर ली और अब आरोपी उसकी हत्या भी करना चाहते हैं. महिला ने कहा कि इस मामले में शिकायत करने के बावजूद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है.
एक रिपोर्ट की ख़बर के अनुसार महिला द्वारा आत्मदाह करने के प्रयास के बाद पुलिस ने आरोपी पूर्व विधायक गजाधर सिंह, आरएसएस नेता भानु प्रताप सिंह और वाणिज्य कर कमिश्नर सत्येंद्र सिंह गौतम समेत 15 लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज़ किया गया है.
ज्ञात हो कि, ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी विधायक पर बलात्कार का आरोप लगाया गया है. इससे पहले बांगरमऊ से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के ख़िलाफ़ साल 2017 में सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया था. जिसमें आरोपी का राजनीतिक पक्ष होने के कारण उसके ख़िलाफ़ मामला दर्ज़ नहीं हुआ था.
मामला दर्ज न होने के कारण पीड़िता ने मुख्यमंत्री आवास जाकर आत्मदाह की कोशिश की थी. जिसके बाद पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज़ की गई थी. हालांकि, मामला दर्ज करवाने पर विधायक के भाई और उसके साथियों ने पीड़िता के पिता की बुरी तरह पिटाई कर दी और झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेज दिया. फिलहार आरोपी विधायक जेल में है.