May a good source be with you.

बैंक फ़्रॉड में 2017-18 में आई 72% की बढ़त : आरबीआई रिपोर्ट

रिपोर्ट के मुताबिक़ भगोड़े नीरव मोदी और मेहुल चोकसी द्वारा किये गए फ्रॉड की वजह से 2017-18 में इस आंकड़े में उछाल आया है.

रिज़र्व बैंक द्वारा जारी डाटा के मुताबिक़ बैंक फ़्रॉड में 72 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. 2016-17 में 23,933 करोड़ रुपए से बढ़कर 2017-18 में 41,167.7 करोड़ रुपए का बैंक फ्रॉड हुआ है.

इंडियन एक्सप्रेस की एक ख़बर के मुताबिक़, शुक्रवार को जारी किये गए आरबीआई के डाटा में बताया गया है कि बैंक फ्रॉड के मामले सख्त निगरानी और सतर्कता के बावजूद 5,917 मामले हुए हैं. पिछले साल 5,076 फ्रॉड के मामले सामने आए थे. इस डाटा में इस बात पर भी ज़ोर दिया गया कि बीते 4 सालों में 4 गुना की बढ़ोतरी हुई है. वहीं 2013-14 में 10,170 करोड़ रुपए का बैंक फ्रॉड हुआ था.

बता दें कि 2017-18 में साइबर फ्रॉड में भी बढ़ोतरी हुई है. इस वर्ष 2,059 साइबर फ्रॉड के मामलों में बैंक ने 109.6 करोड़ रूपये गंवाए हैं, जबकि, बीते वर्ष में यही आंकड़ा 1,372 मामलों के साथ 42.3 करोड़ रुपए पर था.

रिपोर्ट के मुताबिक़ भगोड़े नीरव मोदी और मेहुल चोकसी द्वारा पंजाब नेशनल बैंक के साथ फ्रॉड के मामले की वजह से 2017-18 में इस आंकड़े में उछाल आया है. ज्ञात हो कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी द्वारा 13,000 करोड़ रुपए का फ्रॉड किया गया था.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+