May a good source be with you.

बारिश से राहत के कारण बचाव कार्य में तेज़ी, व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर केरल की मदद के लिए की जा रही है पेशकश

संयुक्त अरब अमिरात (यूएई) ने केरल के मदद के लिए करीब 700 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा है

धीमी बारिश के कारण केरल में लोगों को बाढ़ से थोड़ी राहत मिली है। रविवार से ही बचाव कार्य में काफ़ी तेज़ी देखने को मिल रही है। जो जहां है वहीं से लोगों की मदद की पेशकेश कर रहा है। इस भयावह आपदा के दौरान आम आदमी, राज्य सरकारें और यहां तक की विदेश की सरकारें भी केरल के साथ खड़े नज़र आ रहे हैं। इस मदद को लेकर मुख्यमंत्री पी. विजयन ने कहा, ” केरल की मदद के लिए कई लोग आगे आए हैं। भारत के अलग-अलग राज्यों से मदद के साथ ही दूसरे राष्ट्र भी बाढ़ प्रभावित केरल के लिए मदद भेज रहे हैं।”

गौरतलब है कि संयुक्त अरब अमिरात (यूएई) ने केरल के मदद के लिए करीब 700 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा है। पी. विजयन ने बताया कि यूएई ने एक राहत पैकेज का प्रस्ताव दिया है और दूसरे खाड़ी देश भी चारों तरफ से मदद कर रहे हैं।

इसके साथ ही केरल की मदद के लिए अरबपति से लेकर आम लोग तक यथासंभव कोशिशें कर रहे हैं। नवभारत टाइम्स के अनुसार एक एनआरआई डॉक्टर शमशीर वयालिल ने 50 करोड़ रुपए दान देने का ऐलान किया है।

जम्मू कश्मीर बैंक के कर्मचारियों ने केरल के मदद के लिए सामूहिक रूप से 11 करोड़ डोनेट किए हैं। वहीं केरल में बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा हनान हामिद ने व्यक्तिगत स्तर पर लोगों से उसकी पढ़ाई के लिए सहायता के रूप में मिले 1.5 लाख रुपए को मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किया।

देश की  तीनों सेनाओं के साथ कोस्टगार्ड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के करीब एक लाख जवान बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में हुए भारी बारिश के कारण आए बाढ़ में राज्य में कुल 300 से अधिक मौतें हो चुकी है।  आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग राज्य से विस्थापित होने को मजबूर हो गए हैं। हज़ारों करोड़ की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। बाढ़ के कारण राज्य में खेतीपर्यटन से लेकर आधारभूत संरचना तक को भारी नुकसान पहुंचा है।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+