रिलायंस ने माना- ‘फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ओलांद की गर्लफ्रेंड जूली की फ़िल्म को दिए थे 1.48 मिलियन यूरो’
राफ़ेल सौदे के मामले में रिलायंस का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है।
रिलायंस इंटरटेनमेंट ने माना है कि उसने फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद की पार्टनर जूली गेएट की फिल्म टाउट ला हाउट में 15 प्रतिशत का निवेश किया था।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस ने अपने सहयोगी विस वायर्स के द्वारा गेएट की फिल्म के प्रोडक्शन में 1.48 मिलियन यूरो की सहायता की थी। विस वायर्स एक फ्रेंच वित्तीय कंपनी है।
कंपनी ने बयान जारी कर कहा है- रिलायंस एंटरटेनमेंट ने विसवायर्स को एक ग्राहक के तौर पर 5 दिसंबर 2017 को 1.48 मिलियन यूरो का भुगतान किया था। इसके दो हफ्ते बाद 20 दिसम्बर को यह फ़िल्म रिलीज हुई थी।
विसवायर्स कैपिटल फ्रेंच उद्योगपति और अनिल अंबानी के मित्र रवि विश्वनाथन की कंपनी है।
फिल्म के अलावा रिलायंस ग्रुप ने विसवायर्स के साथ और भी कई निवेश किये हैं। इस बयान में कहा गया है कि रिलायंस ने जूली गेएट या उनकी कंपनी के साथ किसी तरह का एग्रीमेंट साइन नहीं किया है।
इसी साल अगस्त महीने में इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में कहा गया था कि 24 जनवरी 2016 को अनिल अंबानी की रिलायंस एंटरटेनमेंट ने तत्कालीन फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद की पार्टनर जूली गेएट के साथ एक फिल्म करने की डील की थी। गौरतलब है कि इसके दो दिन बाद ही भारत और फ्रांस के बीच 36 राफ़ेल विमानों का सौदा हुआ था।